हादसे में ऑटो पूरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गया
- फोटो : अमर उजाला
समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थानाक्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में ऑटो और कार के बीच सीधी टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के समय ऑटो समस्तीपुर से दलसिंहसराय की ओर जा रहा था, जबकि कार बेगूसराय से समस्तीपुर की दिशा में आ रही थी।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे जनकपुर के पास हुई। जहां ऑटो चालक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया, इसी दौरान ऑटो कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला को गंभीर हालत में दलसिंहसराय के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान विभूतिपुर थानाक्षेत्र के समर्थक कल्याणपुर निवासी चंद्रशेखर पासवान के बेटे अखिलेश पासवान के रूप में की गई है। दूसरी महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। इस दुर्घटना में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न निजी अस्पतालों में चल रहा है। घायल लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
वहीं, घटना के बाद से एनएच-28 पर लगभग दो घंटे तक जाम लगा रहा, जिससे आसपास के क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों की भीड़ ने घटनास्थल पर इकट्ठा होकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
उजियारपुर थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया। दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने कहा कि हम पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हुई है और हम एक महिला के शव की पहचान की प्रक्रिया में हैं।