शहीद जवान अजय कुमार झा का किया गया अंतिम संस्कार
- फोटो : अमर उजाला
मणिपुर में उग्रवादियों के हमले में गोली लगने से शहीद हुए जवान अजय कुमार झा का शव मंगलवार को मधुबनी में उनके गांव मधेपुर प्रखंड के बाकी पहुंचा। उसके बाद मधेपुर प्रखंड निवासी सीआरपीएफ जवान शहीद अजय कुमार झा का नम आंखों से अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। सीआरपीएफ जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान शहीद जवान के परिजनों की रोने की आवाज गूंज रही थी। लोगों ने नारे लगाए जब तक सूरज चांद रहेगा अजय तेरा नाम रहेगा। नम आंखों से शहीद अजय कुमार झा को अंतिम विदाई दी गई। हजारों की संख्या में लोग उनकी अंतिम यात्रा में लोग शामिल हुए।
जानकारी के मुताबिक, बाकी गांव निवासी अजय कुमार झा रविवार को मणिपुर में उग्रवादियों के हमले में गोली लगने से शहीद हो गए। शहीद अजय कुमार झा सीआरपीएफ 20 बटालियन में कार्यरत थे। सीआरपीएफ के अधिकारी भी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पहुंचे और परिवार को ढांढ़स दिया। उन्होंने बताया कि जैसे बिहार में संध्या गश्ती कहा जाता है, इसी तरह वहां गश्ती की जा रही थी। उसी दौरान उग्रवादियों ने हमला कर दिया, जिसमें मणिपुर के भी दो पुलिस जवान घायल हो गए। उनके भी सिर में गोली लगी थी। वे दोनों जवान अभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं, लेकिन अजय शहीद हो गए।
बताया जा रहा है कि उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बाकी पहुंचने के साथ कोहराम मच गया। जहां शहीद अजय कुमार झा के अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में प्रखंड वासी पहुंचे। शहीद अजय कुमार झा के पार्थिव शरीर को सीआरपीएफ 20 बटालियन के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उनकी अंतिम यात्रा में बिहार सरकार की परिवहन मंत्री शीला मंडल, झंझारपुर सांसद रामप्रीत मंडल, मधुबनी डीएम अरविंद कुमार वर्मा, एसपी सुशील कुमार, झंझारपुर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।