पति के साथ मृतका गुड्डी कुमारी
- फोटो : फाइल फोटो
दरभंगा जिले के बहेड़ी थानाक्षेत्र के बनडीहुली गांव में ग्रुप लोन की किस्त चुकाने के विवाद में एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान गुड्डी कुमारी (27) के रूप में की गई है, जो आईएएस की तैयारी कर रही थी। पुलिस ने इस मामले में मृतका की सास शुभकला देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतका के पिता सीताराम कुमार ने बताया कि उनके दामाद गंगा प्रसाद राम परदेश में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी बेटी गुड्डी कुमारी के दो बेटे और एक बेटी हैं। सीताराम कुमार ने बताया कि ससुराल वालों ने कई ग्रुप लोन ले रखे थे, जिसकी किस्त चुकाने को लेकर अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद के दौरान आज सास शुभकला देवी, ननद पूनम देवी और रीता देवी ने गुड्डी कुमारी की गला दबाकर हत्या कर दी। सीताराम कुमार ने यह भी बताया कि उनकी बेटी गुड्डी घर पर रहकर आईएएस बनने की तैयारी कर रही थी और उसकी पढ़ाई की गहरी इच्छा थी।
बहेड़ी थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। मृतका की सास शुभकला देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पीड़ित परिवार से आवेदन प्राप्त कर आगे की कार्रवाई की योजना बनाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जांच के बाद ही आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।