बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में दरभंगा जिले के चार छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टेट टॉपर्स लिस्ट में जगह बनाई। मनीष कुमार ने आर्ट्स में पांचवां स्थान, स्वीटी कुमारी और सत्यम कुमार ने अपने-अपने विषयों में चौथा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणाम में दरभंगा जिले के चार छात्र-छात्राओं ने स्टेट टॉपर लिस्ट में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। इस सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। हायाघाट प्रखंड के माखनपुर निवासी और कोलकाता में कैलेंडर व्यवसायी संजीव चौधरी व गृहिणी गिन्नी देवी के पुत्र मनीष कुमार ने इंटर कला संकाय में पूरे राज्य में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। प्लस टू ललितेश्वर मधुसूदन उच्च विद्यालय, आनंदपुर के छात्र मनीष अपने माता-पिता की तीन संतानों में एकमात्र पुत्र हैं और उन्होंने ईमानदारी से पढ़ाई कर यह सफलता हासिल की है।
विज्ञापन
परिवार और शिक्षकों को दिया श्रेय
मनीष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, मौसी सीता देवी, मौसा रमणजी, दीदी राजकुमारी, काजल कुमारी, मौसेरे भाई राजेश चौधरी, आनंद मिश्रा, अमन मिश्रा और अंग्रेजी शिक्षक विनीत चौधरी को दिया है। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी को छोड़कर बाकी सभी विषयों की तैयारी घर पर ही की। उनका लक्ष्य आगे चलकर आईएएस बनना है। पिता संजीव चौधरी और मां गिन्नी देवी ने बताया कि मनीष बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहा है। स्थानीय मुखिया कृष्णकांत चौधरी ने भी मनीष की सफलता पर खुशी जताई और कहा कि इससे पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
रजौरा पंचायत के रहीटोल रजौरा गांव की बेटी स्वीटी कुमारी ने इंटर आर्ट्स में 476 अंक (95.20%) लाकर पूरे बिहार में चौथा स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस सफलता से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। इससे पहले भी स्वीटी मैट्रिक 2024 में जिला टॉपर रह चुकी हैं। रैयाम चीनी मिल प्लस टू उच्च विद्यालय की छात्रा स्वीटी के पिता फूल कुमार चौधरी किसान हैं और पहले सरपंच भी रह चुके हैं। माता सीमा चौधरी आंगनबाड़ी सेविका हैं। स्वीटी अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, भाई-बहन और शिक्षक संजीव कुमार झा को देती हैं। उनका सपना UPSC की तैयारी कर देश की सेवा करना है।
सत्यम कुमार ने साइंस में चौथा स्थान किया हासिल
प्लस टू उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, सनहपुर के छात्र सत्यम कुमार ने इंटर साइंस में 476 अंक प्राप्त कर राज्य स्तर पर चौथा स्थान हासिल किया है। सत्यम मूल रूप से मुजफ्फरपुर के कटरा प्रखंड के लखनपुर गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता मुन्ना कुमार किसान हैं और माता गीता देवी गृहिणी हैं। सत्यम शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं और मैट्रिक में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर चुके हैं।
हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक डा. अविनाश कुमार ने बताया कि सत्यम को टॉपर लिस्ट में आने के बाद सत्यापन के लिए बुलाया गया था। सत्यम ने बताया कि माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन से उन्होंने यह सफलता हासिल की है। सत्यम कुमार आगे चलकर कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करना चाहते हैं और सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं। दो भाइयों में बड़े सत्यम कुमार के पिता मुन्ना कुमार अपने पुत्र की इस सफलता से बेहद खुश हैं।