पटना में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन और नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पटना के दानापुर से दीदारगंज तक गंगा किनारे 90 घाटों और पांच अस्थायी तालाबों पर अर्घ्य देने का इंतजाम किया गया है। इसके अलावा नगर निगम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में 100 से अधिक स्थायी और अस्थायी तालाबों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को छठ पूजा के लिए तैयार किया है। इससे श्रद्धालुओं को घर के आसपास ही अर्घ्य देने का विकल्प मिलेगा। आइये जानते हैं जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से कहां क्या इंतजाम किए गए हैं?
दीघा और कलेक्ट्रेट घाट पर पार्किंग की विशेष व्यवस्था
प्रशासन को दीघा और आसपास के गंगा घाटों पर सबसे अधिक भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए दीघा घाट पर करीब सात हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, कलेक्ट्रेट घाट आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 2500 गाड़ियों की पार्किंग निर्धारित की गई है। दीघा में पार्किंग स्थल नदी से करीब 500 मीटर पहले बनाया गया है, ताकि घाट के आसपास वाहनों का दबाव न बढ़े। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दीघा और कलेक्ट्रेट घाट पर चेंजिंग रूम, शौचालय, यूरिनल और पेयजल की व्यवस्था की गई है। दीघा घाट पर 87 और कलेक्ट्रेट घाट पर 40 चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। दीघा में 79 शौचालय और 71 यूरिनल, जबकि कलेक्ट्रेट घाट पर 60 शौचालय और 60 यूरिनल की सुविधा रहेगी। दोनों घाटों पर यात्री शेड, मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
250 मजिस्ट्रेट और तीन हजार से अधिक जवान तैनात
छठ के दौरान भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 250 मजिस्ट्रेट, 500 पुलिस पदाधिकारी और तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। घाटों पर निगरानी के लिए वॉच टावर और नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। दीघा घाट पर 26 वॉच टावर और 14 नियंत्रण कक्ष, जबकि कलेक्ट्रेट घाट पर 17 वॉच टावर और आठ नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई है। नदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तैनात रहेंगी। नावों के संचालन पर भी नजर रखी जाएगी। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि अंतिम श्रद्धालु के घाट से लौटने तक सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों से अपील
भीड़ के बीच बच्चों के गुम होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने अभिभावकों से खास सावधानी बरतने को कहा है। बच्चों के कपड़ों पर उनका नाम, माता-पिता का नाम और मोबाइल नंबर लिखने की अपील की गई है। इससे बिछड़ने की स्थिति में परिवार तक पहुंचना आसान होगा। घाटों पर बिजली से जुड़ी किसी भी तरह की अनहोनी रोकने के लिए बिजली विभाग की टीमें तारों और अस्थायी कनेक्शनों की जांच करेंगी। बिजली संबंधी शिकायत के लिए 1912 हेल्पलाइन पर सूचना दी जा सकती है।
दीघा, कलेक्ट्रेट और दूसरे घाटों के लिए अलग-अलग रूट
दीघा घाट जाने वाले बड़े वाहनों के लिए अशोक राजपथ से जेपी गंगा पथ का रास्ता निर्धारित किया गया है। श्रद्धालुओं को तय पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा करने के बाद आगे पैदल जाना होगा। जेपी गंगा पथ के रिवर फ्रंट वाले रास्ते से छोटे वाहनों के आने-जाने की व्यवस्था की गई है। कलेक्ट्रेट और महेंद्रू घाट जाने वाले श्रद्धालु गांधी मैदान में वाहन पार्क कर पैदल आगे जा सकेंगे। दीघा बाजार स्थित अटल पथ फ्लाईओवर के नीचे और पोस्ट ऑफिस रोड सहित अन्य निर्धारित जगहों पर भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। भद्रघाट, गायघाट, कंगन घाट, चौक थाना मोड़ और दीदारगंज घाट के लिए भी अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं।
100 से अधिक स्थानों पर घर के पास ही अर्घ्य देने का विकल्प
गंगा घाटों पर भीड़ का दबाव कम करने और श्रद्धालुओं को स्थानीय स्तर पर सुविधा देने के लिए पटना नगर निगम ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। शहर के छह अंचलों- नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, बांकीपुर, कंकड़बाग, अजीमाबाद और पटना सिटी में 100 से अधिक स्थायी और अस्थायी तालाबों, पार्कों, मंदिर परिसरों तथा सार्वजनिक स्थलों पर छठ पूजा की व्यवस्था की गई है। नगर निगम की ओर से इन चिह्नित स्थानों पर गंगाजल मिलाया जा रहा है। इसके लिए सभी अंचलों में 15 से अधिक वाटर टैंकर लगाए गए हैं। इन टैंकरों के जरिए तालाबों में गंगाजल मिलाने के साथ प्रमुख चौक-चौराहों और गली-मोहल्लों में लोगों को मुफ्त गंगाजल भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
15 से 20 मिनट तक निर्धारित स्थानों पर रुकेंगे टैंकर
नगर निगम के अनुसार, गंगाजल वितरण के लिए टैंकरों को अलग-अलग इलाकों के प्रमुख चौक-चौराहों पर 15 से 20 मिनट तक रोका जा रहा है। इससे श्रद्धालु अपने घर के नजदीक ही गंगाजल ले सकेंगे। नगर निगम की इस व्यवस्था का उद्देश्य गंगा घाटों पर भीड़ कम करना और लोगों को स्थानीय स्तर पर छठ पूजा की सुविधा उपलब्ध कराना है। इस तरह पटना में इस बार गंगा घाटों से लेकर मोहल्लों के तालाबों तक छठ पूजा की तैयारी की गई है। प्रशासन का जोर श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और सुविधाजनक अर्घ्य व्यवस्था पर है।