पटना में दानापुर से दीदारगंज से 90 घाट तैयार
इधर, पटना में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन और नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पटना के दानापुर से दीदारगंज तक गंगा किनारे 90 घाटों और पांच अस्थायी तालाबों पर अर्घ्य देने का इंतजाम किया गया है। इसके अलावा नगर निगम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में 100 से अधिक स्थायी और अस्थायी तालाबों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को छठ पूजा के लिए तैयार किया है। इससे श्रद्धालुओं को घर के आसपास ही अर्घ्य देने का विकल्प मिलेगा।
दीघा और कलेक्ट्रेट घाट पर पार्किंग की विशेष व्यवस्था
प्रशासन को दीघा और आसपास के गंगा घाटों पर सबसे अधिक भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए दीघा घाट पर करीब सात हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, कलेक्ट्रेट घाट आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 2500 गाड़ियों की पार्किंग निर्धारित की गई है। दीघा में पार्किंग स्थल नदी से करीब 500 मीटर पहले बनाया गया है, ताकि घाट के आसपास वाहनों का दबाव न बढ़े। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दीघा और कलेक्ट्रेट घाट पर चेंजिंग रूम, शौचालय, यूरिनल और पेयजल की व्यवस्था की गई है। दीघा घाट पर 87 और कलेक्ट्रेट घाट पर 40 चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। दीघा में 79 शौचालय और 71 यूरिनल, जबकि कलेक्ट्रेट घाट पर 60 शौचालय और 60 यूरिनल की सुविधा रहेगी। दोनों घाटों पर यात्री शेड, मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
पटना में खरना के प्रसाद खाने कहां-कहां गए राज्यपाल और मुख्यमंत्री?
लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को खरना का अनुष्ठान पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इसके साथ ही व्रतियों ने खरना का महाप्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत की। इस अवसर पर राजधानी पटना में कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों के आवास पर खरना का प्रसाद ग्रहण करने के लिए आम और खास लोगों की भीड़ जुटी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री नितिन नवीन, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी के आवास पर विशेष आयोजन हुआ। यहां राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और कई वरिष्ठ नेताओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। नितिन नवीन ने कहा कि यह खुशी की बात है कि युवा पीढ़ी भी छठ महापर्व को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ अपना रही है। नई पीढ़ी के जुड़ाव से इस पर्व की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा शिक्षा और रोजगार के लिए अमेरिका समेत दुनिया के अलग-अलग शहरों में रहते हैं, लेकिन अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े हुए हैं। यही वजह है कि विदेशों में भी छठ की गूंज सुनाई देती है। अब दूसरे राज्यों के लोग भी इस पर्व को पूरी आस्था के साथ मनाने लगे हैं।