पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर मुजफ्फरपुर की सीजेएम कोर्ट में सोमवार को केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ मामला दायर किया गया है। स्थानीय निवासी तमन्ना हाशमी ने यह मामला दायर करवाया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम बढ़ने के बीच वाहन ईंधन कीमतों में रविवार 27 जून को एक और वृद्धि के बाद अब बिहार में भी पेट्रोल का दाम 100 रुपये प्रति लीटर के पार निकल गया। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के अनुसार पेट्रोल के दाम 35 पैसे प्रति लीटर और डीजल के 25 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए।
इससे शनिवार को पेट्रोल और डीजल के दाम 35-35 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए थे। पिछले दो माह से कम समय में वाहन ईंधन कीमतों में 31 बार बढ़ोतरी की जा चुकी है। देश में पेट्रोल और डीजल के दाम इस समय अब तक के उच्चतम स्तर पर हैं। बिहार एक और राज्य हो गया है जहां पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार निकल गया है।
राजधानी दिल्ली में पेट्रोल अपने सर्वकालिक उच्चस्तर 98.46 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है,वहीं डीजल 88.90 रुपये प्रति लीटर पर है। मूल्य वर्धित कर (वैट) और ढुलाई भाड़े की वजह से विभिन्न राज्यों में ईंधन के दाम भिन्न-भिन्न होते हैं।