, नशे की हालत में गिरफ्तार स्वास्थ्य कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री खुद चाहें तो पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में पकड़े गए बिहार सरकार के इस स्वास्थ्यकर्मी का वीडियो मंगाकर देख सकते हैं, लेकिन मीडिया इसे प्रकाशित या प्रसारित नहीं कर सकता। नरकटियागंज अनुमंडल अस्पताल में बीसीजी टेक्नीशियन मदन प्रसाद तीसरी बार शराब के नशे में पकड़ा गया तो शराबबंदी को लेकर पूरीे भड़ास निकाली। थानाध्यक्षों के बारे में तो बड़बड़ा ही रहा था, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर भी अमर्यादित टिप्पणी करता रहा। पुलिस उसे चुप कराने के लिए हाजत में ले गई। गिरफ्तार स्वास्थ्यकर्मी मोतिहारी जिला के बेलबनवा निवासी मदन प्रसाद है जो नरकटियागंज अनुमंडल अस्पताल में बीसीजी टेक्नीशियन के पद पर तैनात है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को क्या नहीं कहा
मामला पश्चिमी चंपारण के नरकटियागंज का है जहां एक स्वास्थ्यकर्मी को जब पुलिस ने शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया तो शराबबंदी और नीतीश कुमार पर उसका गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस हिरासत में होते हुए भी स्वास्थ्य कर्मी ने ना सिर्फ शराबबंदी को गलत कानून बताया बल्कि नीतीश कुमार को भी जमकर खरी खोटी सुनाई। गिरफ्तार स्वास्थ्यकर्मी मदन प्रसाद ने शराबबंदी और नीतीश कुमार पर बिफरते हुए कहा कि
"नीतीश कुमार (अमर्यादित बातें)। वह नेशनल और इटरनेशनल पर प्रतिबंधित है। गरीब को सिर्फ दारू पीने में पकड़ कर जेल भेजते हैं। सब लोग जानता है कि (अमर्यादित बातें)। हम एक बोतल दारू पीये हैं आज। पत्नी से थोड़ा झंझट हो गया था, इसलिए पीये हैं। हम मार्च से ही दारू छोड़े हुए हैं।आप बताइए सिस्टम खराब है... आप बताइये कै गो थानाप्रभारी जेल गया है, कै गो थाना प्रभारी को ई जेल भेजा है।"
कई बार नशे की हालत में हुआ गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि मदन प्रसाद को शराब पीने की ऐसी लत है कि वह बार बार शराब के नशे में पकड़ा जा रहा है। पहली बार जब पुलिस ने इसे गिरफ्तार किया तब उसे आर्थिक जुर्माना लगाकर छोड़ दिया गया। फिर पिछले साल 25 नवंबर को पुलिस ने मदन प्रसाद को शराब के नशे में गिरफ्तार किया था। इस क्रम में स्वास्थ्यकर्मी ने अस्पताल से लेकर शिकारपुर थाना तक जमकर ड्रामा किया जिसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। लेकिन पांच महीने बाद फिर से स्वास्थ्यकर्मी मदन प्रसाद नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किये जाने के बाद मदन प्रसाद ने शराबबंदी कानून और नीतीश कुमार पर जमकर भड़ास निकाला। फिलहाल पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।