बिहार लोक सेवा आयोग ने शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए दिवाली का तोहफा दिया है। शिक्षक भर्ती परीक्षा के दूसरे चरण में अब कुछ 1,22,286 पदों पर परीक्षा ली जाएगी। बीपीएससी टीआरई के पहले चरण में प्राथमिक शिक्षकों को मौका दिया गया था। दूसरे चरण की जब वैकेंसी निकली थी तो इसमें प्राथमिक शिक्षक के पद नहीं थे। लेकिन, बिहार लोक सेवा आयोग ने धनतेरस की रात पहले चरण की शिक्षक नियुक्ति से बचे हुए 50,263 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अंतर्गत आने वाले कुल 1401 पदों को जोड़ा है। इसमें एक से पांच, नौवीं से दसवीं, और ग्यारहवीं से बारहवीं कक्षा तक के शिक्षक पद पर भी वैकेंसी निकली है।
इस परीक्षा में भी निगेटिव मार्किंग नहीं होगी, एक ही पेपर का होगा एग्जाम
बीपीएससी के अनुसार, टीआरई फेज 2 की परीक्षा में इस बार एक ही पेपर होंगे। यह परीक्षा ढाई घंटे की होगी। इसमें भाग एक में भाषा की परीक्षा होगी। भाग 2 सामान्य अध्ययन और भाग तीन संबंधित विषय की परीक्षा होगी। भाग एक क्वालिफाइंग विषय होगा। यह 30 नंबर के 30 प्रश्न पूछे जाएंगे। सामान्य अध्ययन 40 नंबर के 40 नंबर के होंगे। वहीं जिस विषय के शिक्षक बनेंगे, उस विषय से 80 नंबर से 80 सवाल पूछे जाएंगे। भाषा में क्वालिफाइ करने के बाद ही मेरिट लिस्ट बनाई जाएगी। मेन यह तीनों एक ही बुकलेट में होगा। परीक्षा का सिलेबस एनसीईआरटी और एससीआरटी से होगा। इस परीक्षा में भी निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। अभ्यर्थी अपनी अज्ञानता या अन्य कारणों से अपने फॉर्म को ठीक से नहीं भर पाए थे।
जानिए, शिक्षक भर्ती परीक्षा 2.0 के लिए निबंधन और आवेदन की तिथि
बीपीएससी की तरफ से जारी शेड्यूल के अनुसार, प्रारंभिक प्रशिक्षित शिक्षकों, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक के लिए बीपीएससी स्कूल शिक्षक भर्ती के दूसरे चरण के लिए निबंधन और शुल्क जमा करने की तिथि 5 नवंबर से 14 नवंबर तक होगी। विलंब शुल्क के साथ 17 नवंबर तक निबंधन कर पाएंगे। वहीं ऑनलाइन आवेदन की तिथि 10 नवंबर से शुरू होगी। यह 25 नंवबर तक चलेगी। इस तिथि का विस्तार नहीं होगा और गलती सुधार का मौका नहीं दिया जाएगा।