परीक्षा केंद्र के बाहर जमा परीक्षार्थी।
- फोटो : सोशल मीडिया
बिहार के बेगूसराय में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान आज जमकर हंगामा हो गया। देरी से पहुंचे परीक्षार्थियों ने गेट पर हंगामा किया तो पुलिस ने सख्ती बरतते हुए लाठियां चला दीं। इसके बाद मामला और गर्मा गया।
जानकारी के अनुसार बेगूसराय के एमआरजेडी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर रविवार को सैकड़ों परीक्षार्थी निर्धारित समय 9:00 बजे के बाद पहुंचे थे और जबरन कॉलेज के अंदर परीक्षा देने जाना चाह रहे थे। इस पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद परीक्षार्थी उग्र हो गए और हंगामा करने लगे। पुलिस दल ने पहले उन्हें समझाने का प्रयास किया, उसके बाद स्थिति बिगड़ती देख लाठियां बरसा दीं।
पुलिस के बल प्रयोग से वहां भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई और गिरते-पढ़ने छात्र छात्राएं भागने लगे। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यालय डीएसपी निश्चित प्रिया, सदर एसडीओ रामानुज चौधरी समेत सदर डीसीपी अमित कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल परीक्षा केंद्र पर सैकड़ों की संख्या में छात्र जमे हुए हैं और 100 से ज्यादा पुलिस जवान भी मौके पर मौजूद हैं। परीक्षा में शामिल होने पहुंचे परीक्षार्थियों ने बताया कि थोड़ी लेट पहुंचने पर परीक्षा में शामिल होने नहीं दिया और लाठी चलाकर पिटाई की गई। इससे कई लोगों को चोट आई है। वहीं मौके पर मौजूद एसआई मंजूर आलम ने बताया कि लेट से पहुंचने के बाद परीक्षार्थी हंगामा करने लगे, स्थिति बेकाबू हो रही थी, जिसके कारण हल्का बल प्रयोग किया गया। एमआरजेडी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर 2688 परिक्षार्थी में से 431 परिक्षार्थी अनुपस्थित हैं।