सीतामढ़ी शहर स्थित लखनदई नदी के सीता घाट डायवर्सन के पास बीती रात एक छात्र डूबकर लापता हो गया। घटना के बाद सैंकड़ों की संख्या में लोग लखनदेई पुल के चारों तरफ ढूंढ रहे थे। घंटों प्रयास के बावजूद युवक का पता नहीं चल पाया। वहीं, एसडीआरएफ की टीम के लेट से पहुंचने पर भी लोगों ने बवाल किया। लोगों ने कहा कि एसडीआरएफ की टीम अगर समय से पहुंच जाती तो छात्र बरामद हो सकता था। यहां तक की मेयर और डुमरा सीओ में बक झक भी हो गई।
कई लोग ने तो पानी में छलांग भी लगा दी
लापता बच्चे की पहचान शहर के दीपक स्टोर्स गली वार्ड नं. 14 निवासी राकेश रंजन उर्फ मुन्ना का 14 वर्षीय पुत्र रुद्रांश के रूप में हुई है। फिलहाल उसकी का तलाश अब तक जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, बसवरिया चौक से नाश्ता कर रूद्रांश अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था। लखनदेई नदी में बने डायवर्सन होकर पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका चप्पल पानी के तेज बहाव में बह गया। जिसे पकड़ने के लिए जब वो झुका तो पैर फिसल गया और नदी में डूब गया। यह देखते ही उसका दोस्त मदद के लिए चिल्लाने लगा। आस पास के लोग दौड़े और नदी में ढूंढने की कोशिश की। कई लोग ने तो पानी में छलांग भी लगा दी।
एसडीआरएफ की मदद से तलाश जारी
लोगों ने उसे बचाने एवं ढूंढने का काफी प्रयास किया मगर, किन्हीं को सफलता नहीं मिली। जिसके बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना पर नगर थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह दलबल के साथ पहुंचे। वहीं, कुछ लोगो के द्वारा डीएम को शिकायत किया। इसके बाद डीएम ने डुमरा सीओ डोली झा को एसडीआरएफ की टीम लेकर नदी में युवक की तलाश कराने के आदेश दिया। एसडीआरएफ की टीम पहुंची। उसकी खोजबीन की जाने लगी। पुलिस का कहना है कि एसडीआरएफ की टीम की मदद से छात्र की तलाश जारी है।