Bihar News : चर्चित प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष शाही को गोली से छलनी करने वाले शूटरों को एसटीएफ ने दबोच लिया है। 21 जुलाई को घटना को अंजाम देने के बाद से ए फरार चल रहे थे। फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने चर्चित प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष शाही हत्याकाण्ड के आरोपित दो शूटरों को धर दबोचा है। पुलिस ने यह कार्रवाई एसटीएफ टीम के साथ मिलकर की है। गिरफ्तार शूटर उज्ज्वल और गोलू को पटना एसटीएफ पकड़ कर ले गई है। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
जुलाई में हुई थी हत्या
21 जुलाई की शाम नगर थाना क्षेत्र के मारवाड़ी हाई स्कूल चंदवारा के पास अपने वकील सैयद कासिम हुसैन उर्फ डॉलर के घर पर आशुतोष शाही पहुंचे थे। उसी वक्त घर पर चढ़ कर बदमाशों ने उन्हें गोली से छलनी कर दिया था, जिससे घटनास्थल पर ही आशुतोष शाही की मौत हो गई। इस घटना में घायल बॉडीगार्ड मो. निजामददीन और राहुल कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। ये दोनों उत्तर प्रदेश मउ जिले के मधुबन थाना अंतर्गत जवाहीरपुर के रहने वाले थे। पुलिस का कहना है कि घटना का कारण जमीनी विवाद था।
मृतक की पत्नी ने छह लोगों को बनाया था नामजद अभियुक्त
मृतक की पत्नी ने इस घटना में छह लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया था, जिसमें गैंगस्टर मंटू शर्मा, शूटर गोविंद, ओंकार, प्रॉपर्टी डीलर विक्कू शुक्ला, पूर्व पार्षद शेरू अहम और अधिवक्ता कासिम हुसैन उर्फ डॉलर शामिल है। पुलिस ने इनमें से शुक्ला, शेरू अहमद और अधिवक्ता कासिम हुसैन उर्फ डॉलर को गिरफ्तार कर लिया था। डॉलर का पुलिस कस्टडी में इलाज कराया जा रहा है।
विज्ञापन
पूर्व मेयर की हत्या का था आरोप
पुलिस का कहना है कि आशुतोष शाही पर पूर्व महापौर समीर कुमार की हत्या का आरोप था। इनकी भी हत्या वहीं की गई है, जहां समीर कुमार की हुई थी। मारवाड़ी हाई स्कूल के नजदीक यह घटना हुई। आशुतोष शाही जमीन के कारोबार से जुड़े थे। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में नामांकन भी किया था, लेकिन नामांकन अवैध होने के कारण वह चुनाव नहीं लड़ पाए थे।