सीवान में शराब माफिया को पकड़ने गई पुलिस पर पथराव हुआ है, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र के लकड़ी नवीगंज ओपी थाना क्षेत्र की है। घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि पुलिस लकड़ी नबीगंज में शराब माफिया दिलीप कुमार के घर पर पिकअप से शराब उतरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजित कुमार दलबल के साथ वहां पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचते ही गांव की भीड़ ने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया। पुलिस पर हमला होते ही वहां भगदड़ मच गई। भीड़ के द्वारा किए गये रोड़ेबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने शराब माफिया दिलीप साह को नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल सभी घायल पुलिस कर्मियों का इलाज सीवान सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।
कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
घायलों पुलिसकर्मियों में चौकीदार टुनटुन, एएसआई विशाल कुमार सहित अन्य हैं। वहीं शराब माफिया दिलीप साह को कई घंटों तक होश नहीं आने पर उसे सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कुल 19 लोगों को नामजद करते हुए 24 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब उनसब की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
माफिया सहित घायल पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि हम लोगों को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब माफिया दिलीप शाह अपने घर पर शराब की खेप उतरवा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची लेकिन तभी अचानक पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। इस पथराव में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गये। पुलिस ने शराब के नशे में चूर शराब माफिया विशाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी शराब माफिया विशाल सहित घायल पुलिसकर्मियों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।