Khagaria News: परिजनों का कहना है कि रामप्रवेश कुमार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। फिर से किसने और क्यों उसकी हत्या की? यह समझ नहीं आ रहा है। पुलिस से अपील है कि वह इस मामले को गंभीरता से ले और हत्यारे की गिरफ्तारी करे।
खगड़िया में रविवार देर रात एक ट्रक ड्राइवर की हत्या हो गई। अपराधियों ने उसे तीन गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान जिले के गंगौर थाना क्षेत्र के शोभनी जहांगीरा के वार्ड नंबर आठ निवासी चलीतर साह के 28 वर्षीय पुत्र रामप्रवेश कुमार के रूप में की गई है। हत्या के बाद पुलिस के द्वारा शव पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेजा गया है। वहीं घटना को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृत युवक को आधी रात फोन से किसी ने बुलाया था। इधर, मृतक के परिजनों ने हत्यारों को कड़ी सजा देने की मांग की है।
घटना स्थल से छाता और गमछा बरामद
मृतक के चाचा दिलीप साह ने बताया कि रविवार देर रात आंधी तूफान के समय सभी साथ थे। उनका घर मृतक के पास ही है। चाचा के अनुसार, मृतक को एक गोली माथे पर एक सीने में और एक गोली कनपटी पर मारी गई है। परिजन ने बताया कि उनके परिवार का किसी से दुश्मनी नहीं है। बताया गया कि घटना स्थल पर पुलिस को दो गमछा और एक छाता मिला है। जबकि मृतक का हाथ भी बंधा था। वहीं घटना की जांच में खगड़िया पुलिस जुट गई है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की तलाश में छापेमारी चल रही है। कुछ लोगों से पूछताछ चल रही है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।