स्मार्ट मीटर को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में घमासान मचा है। ऐसे में औरंगाबाद की वायरल गर्ल्स सृष्टि और सोनाली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी ही तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दोनों बहनें स्मार्ट मीटर के खिलाफ सरकार से यह प्रार्थना करती हुई दिख रही हैं कि इस मीटर की बिहार में फिलहाल कोई जरूरत नहीं है और पुराना मीटर ही बेहतर था। अपने गाने के माध्यम इन सगी बहनों का कहना है कि लोगो के पास इतना रुपया कहां से आएगा कि इस स्मार्ट मीटर को बार-बार रिचार्ज करेगा। इन्होंने सरकार से हाथ जोड़ी विनती करते हुए कहा कि बार-बार रिचार्ज के बावजूद उनका स्मार्ट मीटर माइनस में ही रहता है और बिजली रहते हुए भी अंधेरे में ही लोग जीवन गुजारने को मजबूर हैं।
पुराने दिनों की याद हो रही है ताजा
गाना के माध्यम से वायरल गर्ल्स सृष्टि और सोनाली का कहना है कि इससे फिर से बिजली के पुराने दिनों की याद ताजा हो रही है, जब 24 घंटो में मात्र 2 से 3 घंटे ही बिजली मिला करती थी। इससे उनकी पढ़ाई तो बाधित होती ही है, मानसिक तौर पर भी लोग परेशान हो जा रहे हैं। गौरतलब है कि रफीगंज निवासी इन वायरल गर्ल्स का शराबबंदी समेत कई वीडियो पूर्व में काफी चर्चित रहा है और इस बार भी स्मार्ट मीटर के खिलाफ यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर अपना असर छोड़ता हुआ दिख रहा है। वायरल गीत के बोल-गरीब के ढ़ेर नाही अइसे छछनावा, आवे बड़ी बिल अइसन मीटर हटावा। कह तानी सुनी सरकार स्मार्ट मीटर हटावा, कह तानी सरकार अइसन स्मार्ट मीटर केकरो दुआरी ना लगावा।। जल्दी से सोंची करी कउनो उपाय फिर से पुरनके मीटर लगाई, जुटी ना रिचार्ज इ हो मीटर हटावा। कट जाला लाईट, ना ही एतना सतावा, केतनो रिचार्ज करी रही माइनस में, कइसे जलाई लाईट इ नइखे ह बस में।जनता के ढ़ेर नाही मूर्ख बनावा, गरीब के ढ़ेर नाही अइसे छछनावा, सुनी सरकार स्मार्ट मीटर हटावा।