नवादा में आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आये और जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को लंबे समय तक जंगलराज में जीवन गुजारना पड़ा। बिहार में एक वह भी समय था कि हर मां अपने बेटियों के घर से बाहर निकलने पर डरती थी। लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। नीतीश जी और सुशील मोदी जी के प्रयासों को बिहार उन परिस्थितियों से बाहर निकाला है। फिर शाम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के राजेंद्र नगर स्थित आवास पर गये और उनसे मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके इलाज के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी ली और सुशील कुमार मोदी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वह जल्द स्वस्थ होकर लोगों के बीच फिर से उपस्थित होकर उनकी सेवा करेंगे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा भी उपस्थित थे।
शनिवार को तेज प्रताप यादव सुशील मोदी की खराब तबियत की बात सुनकर उनसे मिलने पहुंचे थे। तेज प्रताप यादव ने कहा कि उन्हें उनकी दीदी के सोशल मीडिया के द्वारा उन्हें पता चला कि सुशील मोदी की तबियत खराब है, इसलिए वह उनका हाल-समाचार पूछने उनके आवास पर आये और उनकी तबीयत के बारे में पूछा। इससे पहले पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी की एयरपोर्ट वाली तस्वीर को देखकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी दुःख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी तकलीफ को व्यक्त करते हुए अपनी बात कही। लालू प्रसाद ने लिखा था- 'भाई सुशील मोदी की स्वास्थ्य संबंधित खबर सुन हैरान और दुखी हूँ। 50 वर्षों से उन्हें जानता हूँ।वह जुझारू और संघर्षशील प्रवृति के धनी है। परमपिता से उनके अच्छे स्वास्थ्य की मंगलकामना करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह शीघ्र स्वस्थ होकर सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा में सक्रिय हों ताकि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव का सबको फायदा मिलते रहे।