पीड़ित विवाहिता का अस्पताल में इलाज चल रहा है
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के समस्तीपुर से एक विवाहिता को ससुराल द्वारा दहेज के लिए पीट-पीट कर अधमरा करने का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद मायके वाले बेटी के ससुराल पहुंचे। फिर बेटी को सोमवार देर शाम सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मामला जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के मधेपुर गांव का है। मायके वालों ने घटना की जानकारी नगर थाना पुलिस को दी है। नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का कहना है कि पांच लाख रुपये नकदी और दस लाख रुपये की कीमत के गहने देकर करीब डेढ़ वर्ष पहले बेटी की शादी की थी। अब फिर बेटी के ससुराल वाले पांच लाख रुपये कैश, गहने और बाइक की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं हुई तो ससुराल वालों ने बेटी को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया और दिनभर कमरे में बंद रखा।
क्या है पूरा मामला
समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र के हरपुर पूसा गांव निवासी नवल किशोर सिंह ने अपनी बेटी निशा भारती की शादी दलसिंहसराय के मधेपुर गांव के बिंदेश्वर सिंह के बेटे सुजीत कुमार से की थी। निशा की मां आभा देवी ने बताया कि शादी के दौरान लड़के वालों को पांच लाख रुपये नकदी के साथ ही करीब 10 लाख के गहने भी दिए थे। शादी के कुछ दिनों तक ठीक रहा, लेकिन उसके बाद से उनका दामाद पांच लाख रुपये कैश और बाइक की मांग करने लगा। रुपये, गहने और बाइक देने में असमर्थता व्यक्त करने पर उनकी बेटी के साथ आए दिन मारपीट की जाने लगी। उसके बाद मधेपुर में पंचायत का भी आयोजन हुआ था। पंचायत के बाद कुछ दिनों तक स्थिति ठीक रही, लेकिन फिर दोबारा मारपीट की जाने लगी।
‘दामाद ने फोन कर बताया बेटी को मार दिया’
आभा देवी का कहना है कि दिन में उनके दामाद सुजीत का फोन आया था कि आपकी बेटी को मार दिया है। अब जो करना है कर लें। उसके बाद उनके पति नवल किशोर सिंह और गांव के अन्य लोगों के साथ सोमवार शाम मधेपुर पहुंचे। जहां उनकी बेटी को उसके ससुराल वालों ने कमरे में बंद कर रखा था, जिसे ताला खोल कर उसे मुक्त कराकर देर शाम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
सदर अस्पताल प्रशासन ने नगर पुलिस को दी सूचना
जख्मी विवाहिता के इमरजेंसी में भर्ती होने की सूचना सदर अस्पताल प्रशासन ने नगर पुलिस को सूचना दी। नगर थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि सूचना पर पुलिस पदाधिकारी को बयान के लिए भेजा गया था। लेकिन बेहोशी की स्थिति में रहने के कारण विवाहिता का बयान नहीं हो पाया है। बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।