दरभंगा के ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय अंतर्गत सभी महाविद्यालयों में शुक्रवार से स्नातक प्रथम खंड की परीक्षा शुरू हुई है। परीक्षार्थियों का कहना है कि परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र में काफी त्रुटियां हैं। कई परीक्षार्थियों का तो एडमिट कार्ड भी लोड नहीं हुआ है। इस स्थिति में परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल कैसे होंगे। इसी बात को लेकर कई परीक्षार्थी उप परीक्षा नियंत्रक डॉ आनंद प्रकाश गुप्ता के कक्ष में उनसे बात करने गये थे। वहां परीक्षार्थी उप परीक्षा नियंत्रक डॉ आनंद प्रकाश गुप्ता को अपनी समस्या सुना रहे थे लेकिन तभी कुछ बात को लेकर उप परीक्षा नियंत्रक डॉ आनंद प्रकाश गुप्ता और परीक्षार्थियों में विवाद होने लगा और देखते ही देखते परीक्षार्थी उनसे उलझ गए। इस दौरान दोनों तरफ से हाथापाई भी होने लगी जिसका लाइव वीडियो वायरल हो रहा है।
कई परीक्षार्थी परीक्षा से हुए वंचित
घटना के संबंध में परीक्षार्थियों का कहना है कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में छात्रों का सत्र नियमित नही होने कारण यहां लगातार छात्रों के द्वारा धरना प्रदर्शन किया जाता है। यहां प्रतिदिन दूर दराज क्षेत्रों से छात्र छात्राएं अपनी अपनी समस्याओं को लेकर आते हैं। आज से स्नातक प्रथम खंड की परीक्षा शुरू हुई है लेकिन परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र में एक तरफ त्रुटियां हैं तो दूसरी तरफ कई परीक्षार्थियों का विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण प्रवेशपत्र डाउनलोड नहीं हो रहा है। इन कारणों से कई परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह गये।
जांच में जुटी पुलिस
विश्वविद्यालय प्रशासन के द्वारा घटना की सूचना विश्वविद्यालय थाना को दी गई। उप परीक्षा नियंत्रक के साथ मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इस संबंध में विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष मदन प्रसाद ने बताया कि मारपीट करने की बात कही जा रही है। वीडियो देखकर लड़कों की पहचान की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।