बिहार के समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लगूनिया सूरजकंठ गांव में गुरुवार रात आर्थिक तंगी और बीमारी से परेशान युवक ने फंदे से लगाकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान गांव के बैजू महतो के बेटे दिलीप कुमार महतो (30) के रूप में की गई है। घटना की सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस मृतक के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले गई।
घटना को लेकर मृतक के भाई रंजीत कुमार ने बताया कि दिलीप लंबे समय से टीवी रोग से ग्रसित है। उसकी पत्नी टीवी पीड़ित है। दंपति खेत में मजदूरी कर अपना भरण-पोषण करते हैं। रंजीत ने बताया कि दिलीप के तीन बच्चे हैं, जिनमें से एक बच्चे की स्थिति काफी खराब है। उसे डॉक्टर ने पटना रेफर कर दिया था। लेकिन दिलीप के पास पटना ले जाने के लिए भी पैसे नहीं थे। फलस्वरुप वह काफी परेशान चल रहा था। रंजीत ने आशंका जताई है कि इन्हीं परेशानियों से तंग आकर उसने फंदे से लटक कर जान दे दी।
देर रात बथान में फंदे से लटका मिला था शव
परिवार के लोगों ने बताया कि देर शाम वह पैसे की व्यवस्था करने के लिए निकला था। लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं आया। उसके बाद लोग उसकी खोजबीन कर रहे थे। इसी दौरान बथान में फंदे से लटकता युवक का शव मिला, जिसके बाद परिवार के लोगों ने घटना की जानकारी मुफस्सिल थाना पुलिस को दी।
दंपति टीवी रोग से ग्रसित, बच्चे भी बीमार
परिवार के लोगों ने बताया कि मृतक दिलीप तो टीवी से ग्रसित था ही। उसकी पत्नी भी टीवी रोग से परेशान है। यहां तक कि उसके बच्चे भी काफी बीमार चल रहे हैं, जिस कारण वह काफी परेशान चल रहा था।
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि घटना की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। अभी परिवार के लोगों ने आवेदन नहीं दिया है। आत्महत्या के पीछे पारिवारिक परेशानी बताई जा रही है।