बिहार में बालू के अवैध खनन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए बिहार सरकार ने 109 बालू घांटों का ई-चालान बंद कर दिया है। दरअसल, गुरुवार से खान एवं भूतत्व विभाग में कंट्रोल एंड कमांड सेंटर शुरू हुआ है। पहले ही दिन 109 बालू घाटों का सीसीटीवी फुटेज लाइव नहीं पाया गया। इसलिए उन बालू घाटों का ई-चालान तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।
अवैध खनन एवं परिवहन की निगरानी रखी जा रही है
खान एवं भूतत्व विभाग की ओर से कहा गया है कि कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की ओर से सभी संचालित बालूघाटों पर अधिष्ठापित सीसीटीवी की लाइव फुटेज द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन की निगरानी रखी जा रही है। जिलों में संचालित बालूघाटों द्वारा प्रदर्शित लाइव फुटेज की निगरानी हेतु पालीवार खनिज विकास पदाधिकारी एवं खान निरीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
छह बजे से दोपहर दो बजे तक पाई गई गड़बड़ी
निगरानी के क्रम में गुरुवार सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक सभी बालू घाटों पर गड़बड़ी पाई गई। कुल 109 बालूघाट की सीसीटीवी फुटेज लाइव नहीं पाई गई। इसके सभी 109 बालूघाटों का ई-चालान बंद कर दिया गया है। उन सभी बंद बालूघाटों का ई-चालान सीसीटीवी फुटेज में प्रदर्शित होने के बाद ही किया जाएगा। खान एवं भूतत्व विभाग की ओर बालू घाटों की 24 घंटे निगरानी का आदेश दिया गया है।