Bihar : राजधानी में बेखौफ अपराधियों ने दो युवकों को गोली मार दी। आननफानन में स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मरने वाला एक शातिर अपराधी था, जिस पर हत्या, आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज थे।
पटना में अपराधियों ने दो युवकों को गोली मार दी। घायल अवस्था में दोनों युवकों को इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना पटना सिटी के खाजेकला की है। घटना की सूचना मिलते ही पटना सिटी के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी 2 डॉक्टर गौरव कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
विज्ञापन
मरने वाले का अपराधिक इतिहास काफी बड़ा
घटना के संबंध में पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी डॉ गौरव ने बताया कि मृतक युवक की पहचान मोहम्मद ताज्जु के रूप में हुई है, जो पूर्व का अपराधी रहा है। वहीं घायल युवक पटना सिटी निवासी अनमोल कुमार के रूप में हुई है। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि शेखा की रोजा मोहल्ले में दिनभर गेसिंग और अवैध कारोबार का जमावड़ा लगा रहता है, जिसके कारण यहां अपराधी दिनभर मोहल्ले में जमे रहते हैं। इसी विवाद में मोहम्मद ताज्जु की हत्या हुई है। इस संबंध में पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी डॉ गौरव का कहना है कि मोहम्मद ताज्जु बहुत पुराना अपराधी था, जिसपर हत्या, आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गेसिंग और अवैध कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई भी हो सकती है हत्या की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी कुछ दिन पूर्व एक युवक की बाइक चोरी हुई थी। चोरी की वह बाइक उसी मोहल्ले में देखी गई थी। जब उस मोटरसाइकिल को लेकर कुछ युवकों ने विरोध किया तो अपराधी गोलीबारी करने लगे। इस घटना में मोहम्मद ताज्जू और अनमोल को गोली लगी है। हालांकि इस बात को कुछ लोग खारिज करते हुए कह रहे हैं कि मामला यह नहीं बल्कि गेसिंग और अवैध कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है। मोहम्मद ताज्जु पूर्व का अपराधी रहा है। इसलिए इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश भी एक वजह हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।