Bihar : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार निगरानी की टीम छापेमारी कर रही है। बिहार में अब सीबीआई ने धमक दी है। केन्द्रीय विद्यालय के प्राचार्य को सीबीआई ने दबोच लिया है।
रोहतास में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सासाराम के प्रिंसिपल को सीबीआई ने 32 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। सीबीआई फिलहाल आरोपी प्रिंसिपल मयंक कुमार श्रीवास्तव से पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि विद्यालय के सप्लायर से बिल पास कराने के एवज में प्रिंसिपल रिश्वत ले रहे थे। इस बात की लगातार शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने यह कार्रवाई की है।
आवास से हुई गिरफ्तारी
रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में बुधवार की शाम केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पटना से आई सीबीआई की एक विशेष टीम ने केंद्रीय विद्यालय के प्रिंसिपल को उनके आवास से रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक़ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य के घर पर सीबीआई को भ्रष्टाचार से जुड़े कई दस्तावेज भी मिले हैं।
बिल पास कराने के एवज में मांगी थी रिश्वत
इस संबंध में बताया गया है कि पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सासाराम के प्रिंसिपल मयंक कुमार श्रीवास्तव माही इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर प्रिंस कुमार से बिल पास कराने के नाम पर रिश्वत ले रहे थे। उन्होंने सप्लायर प्रिंस कुमार से लगभग एक लाख 92 हजार रुपए का बिल पास करने के लिए 32 हजार रुपए रिश्वत की डिमांड की थी। इस बात की शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और सीबीआई की टीम ने रिश्वत की रकम लेते हुए उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान टीम ने उनके आवास पर लगभग 2 घंटे तक पूछताछ की तथा मामले से जुड़े कई दस्तावेजों को भी खंगाला।
यह खबर भी पढ़िए -Bageshwara Baba: बागेश्वर बाबा बोले- सुधरना नहीं चाहता पाकिस्तान, जातीय गणना और हिन्दू राष्ट्र पर ऐसा कहा