पूर्णिया लोकसभा से नवनिर्वाचित सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पर फर्नीचर व्यवसायी से रंगदारी मांगने के आरोप में मुफस्सिल थाने में मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ लोकसभा चुनाव के दौरान रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। खुद पूर्णिया एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने विज्ञप्ति जारी कर इसकी पुष्टि की है। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार पूर्णिया के नवनिर्वाचित सांसद के खिलाफ यह प्राथमिकी एक फर्नीचर व्यवसायी की शिकायत पर की गई है। आरोप है कि तीन साल पहले 02 अप्रैल 2021 को सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के द्वारा 10 लाख रूपया रंगदारी टैक्स की मांगी की गई थी। वर्ष 2023 के दुर्गा पूजा के दौरान मोबाईल एवं व्हाट्सएप्प कॉल पर 15 लाख रूपया और दो सोफा सेट मांगने के साथ-साथ इनको धमकी व गाली गलौज किया गया था।
जानिए क्या क्या लिखा आवेदन में
वहीं लोकसभा चुनाव के दौरान भी सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के खास अमित यादव के द्वारा 05 अप्रैल 2024 को मोबाइल पर करीब 10 से 15 कॉल करके अर्जुन भवन पूर्णिया, सांसद पप्पु यादव के आवास पर बुलाने एवं 25 लाख रूपया रंगदारी की बात फर्नीचर व्यवसायी द्वारा आवेदन में उल्लेख किया गया है। इसके अतिरिक्त 04 जून 2024 को दुबारा फर्नीचर व्यवसायी के मोबाइल पर अमित यादव द्वारा धमकी दिया गया कि 05 साल पूर्णिया में ही रहना है और एक करोड़ रूपया नहीं देने पर पूर्णिया छोड़कर जाने की धमकी के साथ जान से मारने की भी धमकी दी गई हैं। शिकायत के आधार पर सांसद पप्पू यादव एवं अमित यादव पर 10 जून यानी सोमवार को मुफस्सिल थाना में 10 जून 2024 को कांड संख्या 93/2024के तहत धारा-385/504/506/34 भादवि दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान किया जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
इस मामले पर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश कुमार ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूर्णिया सांसद पप्पू यादव से उम्मीद भी क्या की जा सकती है। व्यवसायी ने अगर बोला है तो बिलकुल सच बोला है। ये व्यक्ति चुनाव में जो पैसा का जो आतंक और मिसयूज किया है, वो पैसा व्यवसायी और डॉक्टर से ही लेंगे और दोहन करेंगे। अगर व्यापारी ने बोला है तो सच बोला है। एक जनप्रतिनिधि होने के नाते उसको एक नैतिक जवाबदेही लेनी चाहिए। पूर्णिया की जनता ने उन्हें आशीर्वाद दिया है। जनता का वह सम्मान करें। उन्होंने कहा कि अभी हम दिल्ली में हैं, दिल्ली से पूर्णिया आने के बाद एसपी से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग करेंगे।
पप्पू यादव ने कहा आरोप बेबुनियाद, पुलिस प्रशासन करे निष्पक्ष जांच
पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने प्रेस रिलीज जारी करते हुए बताया कि फर्नीचर दुकानदार एवं उनके परिवार वाले बकायादारों से बचने के लिए मनगढ़ंत कहानी बनाते हुए रंगदारी का झूठा केस दर्ज करवाया है। उन्होंने पूर्णिया के एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। पप्पू यादव ने कहा कि जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। पप्पू यादव ने एक व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया है, जिस पर किसी भी तरह का उनके नाम का गलत इस्तेमाल पर शिकायत भेजा जा सकता है।