Bihar News : वह अपनी पत्नी की विदाई के लिए आया था। महीनाभर पहले जन्म लेने वाली अपनी बच्ची के साथ। लेकिन, सवार थी सनक। मायके वालों ने इस हाल में भेजने से मना किया तो उसने पत्नी के सिर में गोली मार दी।
पटना के बाढ़ में एक पति ने अपनी नव विवाहिता पत्नी के सिर में गोली मार दी। महिला की हालत गंभीर है। घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि सोमवार की रात पति अपनी पत्नी को विदाई करने के लिए ससुराल पहुंचा था। परिवार वाले लोगों ने बताया कि अभी एक महीना पहले एक बड़ा ऑपरेशन से उनकी एक बच्ची हुई है। इस वजह से परिवार वाले लोग कुछ दिनों तक बेटी को विदाई करने से मना कर रहे थे। इसी से नाराज होकर पति ने मंगलवार की सुबह पत्नी को गोली मार दी और फिर वहां से फरार हो गया। महिला की पहचान चंदन कुमार की पत्नी सिंधु कुमारी (22) के रूप में की गई है।
विज्ञापन
परिवार वालों के दबाव और पैसा के लोभ में की थी शादी
सिंधु के परिजनों का कहना है कि चंदन और उनके परिवार के लोग उसके साथ मारपीट भी करते थे। सिंधु कुमारी की भाभी ने बताया कि शादी के बाद से ही चंदन अपनी पत्नी सिंधु कुमारी को पसंद नहीं करता था। चंदन का यह कहना था कि वह अपने परिवार वालों के दबाव और पैसा के लोभ में शादी किया था। परिजनों का आरोप है कि चंदन बराबर सिंधु कुमारी को हत्या करने की धमकी दिया करता था। सोमवार की रात वह अपने ससुराल पहुंचा था, तब भी वह ससुराल के सभी लोगों से लड़ाई झगड़ा करना शुरू कर दिया। रात में जब सभी लोग सो गए तो चंदन ने सभी लोगों का दरवाजा बाहर से लॉक कर दिया और कमरे में सो रही पत्नी के सिर में गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद चंदन गली के रास्ते वहां से फरार हो गया।
एक महीना पहले हुई थी बेटी
परिवार के लोगों ने बताया कि अभी एक महीना पहले सिंधु कुमारी ने बड़े ऑपरेशन से एक बेटी को जन्म दिया था। इसके बाद परिवार के लोगों को लगा कि घर में लक्ष्मी आई है, अब सिंधु कुमारी और चंदन के बीच का विवाद हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा, लेकिन चंदन के दिमाग में क्या चल रहा था शायद यह किसी को नहीं मालूम थी।