Bihar News : बिहार पुलिस ने पूर्व मंत्री और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की हत्या के तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें काजिम की तरह दो और ऐसे हैं, जिन्हें जीतन सहनी ने सूद पर पैसे दिए थे। सहनी के मकान से शराब के खाली पाउच भी मिले हैं।
बिहार के पूर्व मंत्री और विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की हत्या में सूदखोरी ही बड़ी वजह थी। बातें कई तरह की आ रही थीं, लेकिन अंतिम तौर पर पुलिस ने सूदखोरी को हत्या की वजह बताया है। पुलिस ने दो दिन पहले सूद पर पैसा लेकर नहीं लौटाने वाले एक आरोपी काजिम अंसारी को गिरफ्तार किया था। बाकी तीन हिरासत में थे। पूछताछ के बाद अब इनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है। लेकिन, इसके साथ पुलिस ने कई तरह की बातें सामने लायी हैं। जिस बक्से और जिन कागजातों पर मुकेश सहनी की पार्टी के लोगों ने गुरुवार को डीजीपी आरएस भट्टी से मिलकर सवाल उठाया था, उनका भी खुलासा कर दिया गया है।
विज्ञापन
38 खाली पाउच के कारण दूसरा एंगल भी जांचा गया
पुलिस के अनुसार जीतन सहनी की हत्या के बाद घर में देसी शराब के 38 खाली पाउच की बरामदगी हुई थी। उसमें शराब थी या नहीं, इसकी जांच एफएसएल टीम कर रही है। चोरी के बाद सूदखोरी और फिर शराब का एंगल सामने आने के कारण ही बाकी पूछताछ के लिए पुलिस ने समय लिया था। अब शराब के कारोबार की अफवाह पर पुलिस कुछ नहीं कह रही, लेकिन शराब पीने की आशंका को नकार नहीं रही है। जिन कागजातों को पुलिस ने बरामद किया है, उनमें 21 सूद पर पैसे देने से जुड़े हैं। हत्या के जिन तीन आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार बताया गया, उनमें से भी दो काजिम अंसारी की तरह सूद पर जीतन सहनी से पैसे लिए बैठे थे।
एक और आरोपी की जमीन गिरवी रखी थी, बाइक भी
शुक्रवार को दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेडी ने जिन तीन की गिरफ्तारी बताई, उनमें मो. सितारे उर्फ छेदी, मो. आजम और मो. छोटे लहरी का नाम है। उन्होंने कहा कि मृतक के घर से 38 शराब के पाउच बरामद किए गए, जिन्हें जांच के लिए एफएसएल को भेजा गया है। एसएसपी ने बताया कि मृतक के घर के पीछे से बरामद लाल रंग की संदूक से 24 कागजात बरामद किए गए थे। उनमें दो जमीन के कागजात हैं, जबकि 21 रुपये के लेनदेन से जुड़े हुए कागजात हैं। गिरफ्तार आरोपी मो. सितारे (25 वर्ष, पिता- मुस्ताक लहेरी) ने पुलिस को बताया कि उसने जीतन सहनी से 20 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे, जिसके लिए उसकी बाइक और जमीन के कागजात गिरवी रख लिए गए थे। दूसरे गिरफ्तार आरोपी मो. छोटे लहेरी (22 वर्ष, पिता- मो. ओली लहेरी ) ने जीतन सहनी से छह हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। तीसरा आरोपी मो. आजम (मो. फारूख) इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी काजिम अंसारी, सितारे और छोटे की सहायता के लिए घटना को अंजाम देने गया था। इसकी पुष्टि सीसीटीवी फुटेज में भी मिला है।