अररिया में जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई पुलिस टीम पर हमला हुआ है। यह हमला तीर और लाठी से किया गया है, जिसमें जोकीहाट थाने के दो पुलिसकर्मी घायल हो गये हैं। सब इंस्पेक्टर नुसरत जहां को आंख के पास तीर लगा है, जबकि असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार नट भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आननफानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया है। महिला दरोगा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर के अनुसार वह फिलहाल खतरे से बाहर हैं। यह घटना अररिया के महलगांव थाना क्षेत्र के बागनगर पंचायत अंतर्गत पोखरिया गांव की है।
अठारह एकड़ जमीन का था विवाद
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि महलगांव में लगभग अठारह एकड़ जमीन पर महादलित समुदाय के लोग लंबे समय से रह रहे हैं। इसी का विवाद चल रहा था। पुलिस जब वहां अतिक्रमण हटाने पहुंची तो अचानक वहां रहने वाले लोगों ने पुलिस पर लाठी-डंडों और तीस से हमला कर दिया। पुलिस जैसे-तैसे वहां से जान बचाकर भागने लगी। इसी दौरान सब इंस्पेक्टर नुसरत जहां के आंख के पास एक तीर लग गया। तीर लगते ही सब इंस्पेक्टर नुसरत जहां जमीन पर गिर पड़ी। इसी दौरान असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार नट भी गंभीर रूप से घायल हो गये। आननफानन में दोनों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया।
आरोपियों की पुलिस कर रही पहचान
घटना के बाद कसबा थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है। पुलिस ने घटनास्थल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। साथ ही हमला करने वाले आरोपियों की पहचान भी की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनपर कार्रवाई की जाएगी।