Bihar News : बिहार के कुछ जिलों जहरीली शराब का मामला कुछ-कुछ अंतराल पर आता रहा है। सारण-सीवान उसमें प्रमुख हैं। इस बार भी दो दिनों से इन दो जिलों की खबरें सामने आ रही थीं। अब इसके लिए चर्चित रहे गोपालगंज का भी नाम ताजा केस में जुड़ गया है।
बिहार के सीवान और सारण जिले के बाद गोपालगंज में भी शराब पीने से पिता-पुत्र बीमार हो गए हैं। जिसमें पिता की इलाज के दौरान गोरखपुर में मौत हो गई है वहीं पुत्र की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। घटना गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बंधौली गांव की है। लालदेव मांझी और उनका पुत्र प्रदीप मांझी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं इलाज के दौरान ही लालदेव मांझी की मौत की खबर आ रही है।
विज्ञापन
बेचैनी बढ़ी और आंखों की रोशनी जाने लगी
बताया जाता है कि दोनों पिता पुत्र पशु का कारोबार करते हैं। बुधवार की देर शाम सारण से लौटते समय सीमावर्ती बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बंधौली गांव के पास शराब का सेवन किया था, जिसके बाद से बेचैनी बढ़ी और आंखों की रोशनी जाने लगी। हालांकि प्रशासन ने शराब से बीमार होने की पुष्टि नहीं की है। डीएम प्रशांत सी.एच ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी कर रही पुलिस
बता दें कि सारण और सीवान जहरीली शराब से 29 लोगों की मौत हो गई और करीब सात से अधिक लोगों की आंखों की रोशनी चली गई। सीएम नीतीश कुमार ने इस मामले को गंभीरता लेते हुए समीक्षा बैठक की। साथ ही एडीजी को घटनास्थल पर जाकर सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है। साथ ही शराब तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया हे। इसके बाद सारण, सीवान और गोपालगंज में पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।