चलती कार में लगी आग (सांकेतिक)
- फोटो : अमर उजाला
पटना से फतुहा के करौटा जा रही एक चलती कार में शनिवार की देर रात अचानक बाइपास थाना क्षेत्र के पैजावा के पास आग लग गई। कार में आग लगते ही कार के अंदर बैठे चार युवको ने सड़क के किनारे गाड़ी खड़ी की और आनन-फानन में गाड़ी से कूद कर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना अग्नि दस्ते को दी। सूचना मिलने के बाद अग्नि दस्ते की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस बीच कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
बताया जा रहा है कि करौटा निवासी चार युवक पटना आए थे। इस बीच शनिवार की देर रात वह सभी वापस कार से करौटा लौट रहे थे।
सभी चार युवक गाड़ी से बाहर निकले
बताया जा रहा है कि जैसे ही कार बाइपास थाना के पैजावा महिंद्रा शोरूम के पास पहुंची। कार के आगे का वाइपर अचानक चलना शुरू हो गया। वाइपर को बंद करने का प्रयास किया गया लेकिन वाइपर बंद नहीं हुआ। कार चला रहे एक युवक ने कार में ब्रेक लगाने की कोशिश की तो वह भी नहीं लगा। इस बीच कार के आगे के भाग से अचानक तेजी से धुआं निकलना शुरू हो गया। कार से धुआं निकलता देख कार चला रहे युवक ने जल्दी से गाड़ी को सड़क के किनारे खड़ा कर दी। सीट बेल्ट खोलकर सभी चार युवक गाड़ी से बाहर निकले। इस बीच गाड़ी में धुआं चारों तरफ से भर गया और कार धू-धू कर जलने लगी। वहां उपस्थित लोगों ने इसकी सूचना बाइपास थाने को दी।
शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग
कार में सवारी युवक कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा कार के आगे के भाग में किसी हिस्से में शॉर्ट सर्किट लग गई होगी। इस कारण कार में आग लग गई। उन्होंने बताया कि उनके अलावा कार में शशि रंजन, शुभम कुमार एवं मुकुल कुमार सवार थे। सभी युवक सुरक्षित कार से बाहर निकल गए। बाइपास थाना प्रभारी ने बताया कि कार में सवार सभी युवक सुरक्षित हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कार में रखे गए मोबाइल, कार के सभी कागजात जलकर नष्ट हो गए। आग लगी के कारण आवागमन कुछ देर के लिए बाधित रहा।