औरंगाबाद जिले के नरारी कला खुर्द थाना क्षेत्र अंतर्गत शेखपुरा गांव में बुधवार शाम एक ही परिवार के दो बच्चे नहर में डूब गए। गुरुवार सुबह दोनों के शव बरामद किए गए। मृत बच्चों की पहचान शेखपुरा निवासी बृजमोहन सिंह के पुत्र रॉकी कुमार (14 वर्ष) और मुन्ना सिंह के पुत्र अनमोल कुमार (10 वर्ष) के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि बुधवार को करीब चार बजे दोनों बच्चे साइकिल से मेह पुल पर सामान खरीदने निकले थे। देर रात तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। इस दौरान गांव के सामने नहर किनारे एक साइकिल पर आलू, चीनी और जामुन रखा मिला, साथ ही बच्चों की चप्पलें भी नहर के पास पड़ी थीं। परिवार वालों को आशंका हुई कि बच्चे सामान खरीदने के बाद सीधे नहर पर जामुन खाने गए होंगे और फिर नहर में हाथ धोते समय फिसलकर गिर पड़े, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: Bihar News : पटना जंक्शन पर घूम रहा है बच्चा चोरी करने वाला गिरोह, 2 लाख 70 हजार में बेचा था, पुलिस ने दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही नरारी कला खुर्द थानाध्यक्ष राकेश कुमार और बारुण के अंचलाधिकारी मंजेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बात कर नहर में पानी की आपूर्ति कम कराई ताकि शवों की खोज की जा सके। गुरुवार सुबह खोजबीन के दौरान रॉकी कुमार का शव करीब 10 किलोमीटर दूर बारुण थाना क्षेत्र के बरुआ पुल के पास मिला। वहीं अनमोल कुमार का शव घटनास्थल से करीब 30 किलोमीटर दूर औरंगाबाद मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भरथौली फॉल के पास बरामद किया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।