सोहसराय थाना अध्यक्ष राजमणि ने बताया कि उन्हें कई दिनों से इस अवैध गतिविधि की सूचना मिल रही थी। छापेमारी में बिहार शरीफ नगर निगम के वार्ड संख्या 6 के पार्षद विवेक कुमार विक्की समेत छह लोग रंगे हाथों पकड़े गए।
बिहार शरीफ में स्थित सोहसराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वार्ड पार्षद सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी लोग आशा नगर स्थित पानी टंकी के ऑपरेटर रूम में अवैध रूप से जुआ खेलने और शराब का सेवन करते हुए पकड़े गए। सोहसराय थाना अध्यक्ष राजमणि ने बताया कि उन्हें कई दिनों से इस अवैध गतिविधि की सूचना मिल रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में बिहार शरीफ नगर निगम के वार्ड संख्या 6 के पार्षद विवेक कुमार विक्की समेत छह लोग रंगे हाथों पकड़े गए।
विज्ञापन
दो बोतल अंग्रेजी शराब और नगद बरामद
पुलिस ने मौके से दो बोतल अंग्रेजी शराब, 15,240 रुपये नकद, ताश के पत्ते और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों में संजीव कुमार, विक्रांत कुमार, सूरज शर्मा, ऋषि कुमार और मोहम्मद तारिकुल शामिल हैं। पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नियमित रूप से इस स्थान पर एकत्र होकर जुआ खेलते और शराब का सेवन करते थे।
छापेमारी अभियान चलाया जा रहा
वहीं इस कार्रवाई के बाद लोगों का कहना है कि यह खुलासा राज्य में शराबबंदी कानून के बावजूद अवैध शराब की उपलब्धता और उपभोग पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस का कहना है कि छापेमारी में शामिल पुलिस दल में थाना अध्यक्ष राजमणि के अलावा दरोगा संजय राम, अलीम अंसारी, अंशु माला, टुनटुन चौधरी, राम इकबाल यादव, जमादार नंदकुमार सिंह, विशेश्वर कुमार और राजकुमार सिंह शामिल थे। आगामी पर्व-त्योहार को देखते हुए जुआ और शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।