गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र के अंगरा गांव में मां ने अपने तीन बच्चों के साथ जहर खा लिया। घटना में तीन बच्चों में मौत हो गई जबकि मां की हालत गंभीर है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।मिली जानकारी के अनुसार, जितेंद्र पासवान की पत्नी मुन्नी देवी ने रविवार को अपने तीनों बच्चों के साथ जहर का सेवन किया। जब उनकी हालत बिगड़ने लगी, तो परिजनों ने उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया। वहां पहुंचने पर एक बच्चे को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद, गंभीर स्थिति को देखते हुए मां और दो अन्य बच्चों को बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया।
यह खबर भी पढ़ें -Bihar News: सतुआनी पर तेजस्वी ने अपने विधानसभा क्षेत्र में खाया सत्तू, सीएम नीतीश और भाजपा के बारे में ऐसा कहा
बच्चों को जहर खिलाकर खुद भी खाया
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि महिला मुन्नी देवी के पति जितेंद्र पासवान पेशे से ट्रक चालक है। रविवार को वह घर आया था। दोनों में किसी बात को लेकर बहस हुई और फिर मामला बढ़ने के बाद उसने अपनी पत्नी पर नाजायज संबंध का आरोप लगाते हुए उसे पीटने लगा। पत्नी को पीटने के बाद जीतेन्द्र पासवान अपने बड़े बेटे अंकित कुमार (14) को साथ लेकर ट्रक चलाने चला गया। इधर गुस्से में सोमवार को अंडा में जहर डालकर महिला ने अपनी बेटी पल्लवी कुमारी (12) और संकेत कुमार (8) को जहर देकर खुद भी खा ली। जहर खाने के बाद बेटी पल्लवी कुमारी ने तुरंत दम तोड़ दिया। वही बेटा चिल्लाने लगा। चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव वाले पहुंच गए। ग्रामीणों ने देखा कि बेटी पल्लवी कुमारी की मौत हो चुकी है। मां और बेटे की सांसे चल रही है। वहीं ग्रामीणों ने दोनों को अपने साथ इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी ले गये, जहां चिकित्सक ने दोनों की प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मगध मेडिकल कॉलेज जाने के क्रम में रास्ते में ही संकेत की मौत हो गई। वहीं महिला का इलाज मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है।
पत्नी ने पति पर नाजायज धंधा करवाने का लगाया आरोप
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मुन्नी देवी की इलाज के दौरान चिकित्सकों को उसके ब्लाउज से एक लेटर मिला। चिकित्सकों ने लेटर को फ़ौरन स्थानीय पुलिस को सौंप दिया। पत्र में महिला ने अपने पति पर नाजायज धंधा करवाने का आरोप लगाया है। इधर घटना के बाद शेरघाटी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजीत कुमार प्रभात ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस पल्लवी के शव को पोस्टमोर्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। संकेत कुमार का शव मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ही है। डीएसपी ने बताया कि नाजायज संबंध का मामला सामने आया है। महिला के पति को इस बात की जानकारी दी गई है। छानबीन की जा रही है, शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।