बिहार में नीतीश कुमार सरकार में कैबिनेट मंत्री विनोद सिंह को कोरोना संक्रमित पाया गया है। उनकी वजह से अब उनका परिवार भी वायरस की चपेट में है। मंत्री की पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य क्वारंटीन हो गए हैं।
उन्हें कटिहार जिले के एक शहर के होटल के आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया। कटिहार के जिला मजिस्ट्रेट कंवल तनुज ने पुष्टि की कि दोनों मंत्री और उनकी पत्नी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। डीएम ने कहा कि दंपत्ती को शहर के एक होटल में बने एक आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
प्राणपुर से भाजपा के विधायक सिंह ने कहा कि उनके नमूनों का पटना में परीक्षण किया गया था और वह रविवार को राज्य की राजधानी से कटिहार लौट आए। मंत्री ने कहा कि जब उन्हें अपनी परीक्षण रिपोर्ट के बारे में पता चला, तो वह पहले कटिहार मेडिकल कॉलेज और अस्पताल गए और उसके बाद कस्बे के एक होटल के आइसोलेशन वार्ड में आ गए।
डीएम ने कहा कि जो लोग मंत्री के संपर्क में आए हैं, उनके नमूने परीक्षण के लिए एकत्र किया जाएगा। यह पहली घटना है जब नीतीश सरकार का कोई मंत्री कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इससे पहले, राजद के पूर्व वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे।