बिहार में अब राजद नीत महागठबंधन की नजर अब विधानसभा अध्यक्ष यानी स्पीकर पद पर है। उसने स्पीकर का चुनाव जीतने के लिए रणनीति बनाने का काम शुरू कर दिया है। भावी सियासी समीकरणों के लिहाज से विधानसभा के इस अहम पद के लिए रणनीति की कमान राजद के युवा नेता तेजस्वी यादव ही संभाले हुए हैं। तेजस्वी ने पहले कांग्रेस और वाम दलों के नेताओं के साथ मिलकर साझा प्रत्याशी उतारने पर एक राय बनाई।
अवध बिहारी चौधरी होंगे प्रत्याशी
इसके बाद तेजस्वी यादव ने जेल में बंद दो विधायकों को शपथ दिलाने और वोटिंग में शामिल कराने के लिए प्रोटेम स्पीकर से मुलाकात की। राबड़ी देवी के आवास पर देर रात तक कांग्रेस, वाम दल और राजद के विधायकों की संयुक्त बैठक चली। तेजस्वी ने महागठबंधन की ओर से अवध बिहारी चौधरी को प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा की।
वहीं महागठबंधन विधायकों से अपील कि वह अपने सबसे अनुभवी और बेहतर प्रत्याशी को दलीय भावना से ऊपर उठकर समर्थन दें। तेजस्वी यादव ने कहा कि परंपरा तो डिप्टी स्पीकर का पद विपक्षी पार्टी को देने की रही है, लेकिन पिछली बार हमने इसकी मांग की थी और यह पूरी नहीं हुई।
मत विभाजन का बनाएंगे दबाव
राबड़ी देवी आवास पर तेजस्वी यादव ने सभी से एकजुटता के साथ अवध बिहारी चौधरी को जीताने की अपील की, उन्होंने बाकी विधायकों से दल से नहीं बल्कि दिल से मतदान करने की अपील की। महागठबंधन की ओर से विधानसभा में मत विभाजन और गुप्त मतदान कराने के लिए दबाव बनाया जाएगा।
मनोज झा बोले, स्पीकर तो महागठबंधन का ही होगा
राजद और कांग्रेस ने अपने विधायकों को कोई व्हिप जारी नहीं किया है, लेकिन भाकपा माले के विधायक दल के नेता अरुण सिंह ने व्हिप जारी कर दिया है। बैठक के बाद राजद के मुख्य प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि जनादेश की चोरी करके सत्ता पर तो काबिज हो गए, लेकिन विधानसभा स्पीकर महागठबंधन का ही होगा।