शराब पीने से बीमार होने के बाद अस्पताल में इलाज कराते मरीज
- फोटो : अमर उजाला
शराबबंदी वाले बिहार में एक बार फिर शराब पीने से दो लोगों की मौत हुई है जबकि तीन की स्थिति गंभीर होने की वजह से उनलोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला दरभंगा जिला के हायाघाट थानाक्षेत्र अंतर्गत मकसुदपुर गांव का है। यह क्षेत्र समस्तीपुर से काफी नजदीक है। मृतकों की पहचान रुस्तमपुर गांव निवासी संतोष दास और भुखला सहनी के रूप में की गई है, जबकि लालटून सहनी और अर्जुन दास सहित तीन लोग अस्पताल में इलाजरत हैं। हालांकि परिजनों ने आननफानन में दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया।
दरभंगा DMCH आने के बाद खुला मामला
DMCH में इलाज करवाने आए पीड़ित लालटून सहनी की पुत्री पार्वती देवी का कहना है कि संतोष दास, भुख्ला सहनी, लालटून सहनी, अर्जुन दास सहित पांच में से कुछ लोग आपस में एक दूसरे के रिश्तेदार हैं। रविवार को करीब एक बजे उनलोगों ने एक साथ बैठकर शराब पीया था। रविवार की रात से ही पांचों की तबियत बिगड़ने लगी। एक की मौत सोमवार की सुबह 8 बजे मौत हो गई जबकि दूसरे की मौत दिन के करीब दस बजे हो गई।
दो लोग समस्तीपुर में हैं इलाजरत
पार्वती देवी ने बताया कि मृतकों में एक उसके चाचा थे, जबकि दूसरा मृतक गांव का भाई था। पार्वती देवी ने बताया कि शराब में कुछ चीज मिलाई गई थी जिससे उन सबों की तबियत धीरे धीरे बिगड़ी लगी। इस क्रम में दो लोगों की मौत हो गई। आननफानन में तीन लोगों को समस्तीपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जिसमें लालटून सहनी को आज डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। पार्वती ने बताया कि दो लोग अभी भी समस्तीपुर के अस्पताल में इलाज करा रहे हैं, जिसमें एक का नाम अर्जुन दास है और दूसरे का नाम उसे पता नहीं है। उसने बताया कि उसके पिता लालटून सहनी डीएमसीएच में इलाजरत हैं, डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को चिंताजनक बताया है।
गांव में ही बिकती है शराब
पार्वती देवी का कहना है कि गांव में ही शराब बिकती है और गांव का ही एक दिव्यांग दिनेश दास है जो शराब का धड़ल्ले से बेचता है। इस सम्बंध में दरभंगा के एसएसपी अवकाश कुमार ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।