जदयू विधायक के रेस्टोरेंट में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
भागलपुर में गोपालपुर से जेडीयू विधायक गोपाल मंडल के रेस्टोरेंट में भीषण आग लगी है। आग की लपटें इतनी तेज है कि आसपास के कुछ घरों को भी जद में लिया। बुधवार सुबह गोपाल मंडल के रेस्टोरेंट में लगी आग से इलाके में हड़कंप मच गया। रेस्टोरेंट के स्टाफ और स्थानीय लोगों आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की 3 गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी है। हालांकि, रेस्टोरेंट में रखे सारे सामान जलकर राख हो चुके हैं। यह रेस्टोरेंट भागलपुर के जीरोमाइल स्थित एलआईसी ऑफिस के बगल में है।
बता दें कि यह वही रेस्टोरेंट जिसमें गोलीबारी हुई थी। यह रेस्टोरेंट गोपाल मंडल का बेटा आशीष मंडल चलाता है। उस समय बताया गया था कि विधायक गोपाल मंडल के रेस्टोरेंट बिग डैडी के समीप जमीन विवाद को लेकर कई लोगों ने हाउसिंग बोर्ड निवासी लालबहादुर उनके बेटे वीरबहादुर पत्नी माधुरी और वीर के दोस्त रवि उर्फ शरद के साथ मारपीट की और रवि पर गोली चला दी थी। यह मामला काफी चर्चित रहा था। इस मामले में आशीष की गिरफ्तारी भी हुई थी।
अगलगी में पूरा रेस्टोरेंट जलकर स्वाहा, लाखों का नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आगजनी से पूर्व काफी धुआं उठने लगा। आसपास के घर वालों को गर्मी का अहसास हुआ तभी बाहर निकलने पर देखा तो दंग रह गए। आग की लपटें तेज हो रही थी। इधर घटना की जानकारी मिलते ही विधायक के समर्थक मौके पर पहुंचे तबतक दमकल विभाग को जानकारी दे गई थी। सूचना पाते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि रेस्टोरेंट लगभग जल चुका है जिससे लाखों की सम्पत्ति के नुकसान की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगलगी में पूरा रेस्टोरेंट जलकर राख हो गया।