बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्णब के असर के कारण पिछले तीन दिनों से बिहार का मौसम पूरी तरह बदल गया है। पहले रुक-रुक कर हो रही बारिश ने लोगों को परेशान किया और अब तेज हवा के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पटना समेत कई जिलों में शनिवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह से ही बारिश हो रही है। तेज हवा के कारण बेगूसराय और खगड़िया समेत कई जगह कच्चे घर क्षतिग्रस्त हो गए। बेगूसराय के रघुनाथपुर बरारी पंचायत के श्रीनगर गांव स्थित वार्ड संख्या-7 में ईंट से बना कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में मलबे के नीचे दबकर 70 वर्षीय वृद्ध गणेश प्रसाद यादव की मौत हो गई। वहीं खगड़िया के बेलदौर प्रखंड में घर की दीवार गिरने से 10 वर्षीय शिवम कुमार की मौत हो गई। समस्तीपुर में तेज हवा और बारिश के कारण कहीं कच्चे और खपरैल मकानों को नुकसान पहुंचा है तो कहीं बिजली के पोल और तार गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है।
कोसी गंडक उफान पर, कहां-कहां बाढ़ का खतरा
बिहार के कई जिलों में लगातार बारिश के बीच बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। नेपाल के जल अधिग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर कोसी नदी के जलप्रवाह पर दिखने लगा है। शुक्रवार रात नौ बजे भीमनगर बराज से इस साल कोसी नदी का अब तक का सर्वाधिक 2,87,890 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज दर्ज किया गया। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए बराज के 56 में से 38 फाटक खोल दिए गए हैं। इधर, नेपाल प्रभाग स्थित बराह क्षेत्र से रात नौ बजे 2,47,950 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज रिकॉर्ड हुआ, जो इस साल का सर्वाधिक है। सुपौल, सहरसा, अररिया के कई गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। इधर, नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण गंडक नदी के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि हो रही है। गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण में भी बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। जल संसाधन की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
जानिए कहां-कितनी बारिश हुई?
पिछले 24 घंटे में राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। भागलपुर के सबौर में सबसे अधिक 35.1 मिमी बारिश दर्ज हुई। भागलपुर शहर में 34.5 मिमी, पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि नगर में 25 मिमी और मुंगेर में 21 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी पटना में पिछले 24 घंटे के दौरान 11.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। भागलपुर के सबौर में 35.1 मिमी और भागलपुर शहर में 34.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। मुंगेर में 21 मिमी, पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि नगर में 25 मिमी और रोहतास के डेहरी में 12 मिमी बारिश हुई।
कहां-कितनी गर्मी पड़ी?
25 सितंबर को राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस कैमूर के भभुआ में दर्ज किया गया। वहीं, 26 सितंबर की सुबह सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस वाल्मीकि नगर में रिकॉर्ड किया गया। मोतिहारी में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री और पूर्णिया में 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा।