सीएम नीतीश कुमार का जनता दरबार।
- फोटो : अमर उजाला
स्कूल का फंड पिछले 20 सालों से आ रहा है और लौट जा रहा है
दरभंगा जिले से आए एक युवक ने मुख्यमंत्री से फरियाद करते हुए कहा कि उसकी निजी जमीन की घेराबंदी कराने के लिए वर्ष 2021 में अंचलाधिकारी और जिलाधिकारी को आवेदन दिया गया है, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं दरभंगा जिले से ही आए एक युवक ने गुहार लगाते हुए कहा कि स्कूल का फंड पिछले 20 सालों से आ रहा है और लौट जा रहा है। इसकी वजह है कि स्कूल की भूमि को कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है। इस बात की सूचना संबंधित अधिकारी को दिये जाने के बाद भी कोई कारगर कदम नहीं उठाया जा रहा है, जिससे स्कूल का विकास नहीं हो पा रहा है। वही दरभंगा जिले से ही आए एक अन्य फरियादी ने बताया कि अतिक्रमण हटाए जाने के लिए अधिकारियों को सूचित किए जाने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को जांचकर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मां की कोरोना से मौत हो गई लेकिन अनुदान का भुगतान अभी तक नहीं मिल पाया
मुजफ्फरपुर जिले से आए एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि उनकी जमीन को कब्जा कर लिया गया है और खाली करने के लिए कहने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है। वहीं मुजफ्फरपुर जिले से ही आए एक अन्य फरियादी ने गुहार लगाते हुए कहा कि मेरी मां की कोरोना से मौत हो गई लेकिन अनुग्रह अनुदान का भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है। वहीं मुजफ्फरपुर जिले से ही आए एक अन्य फरियादी ने गुहार लगाते हुए कहा कि उनकी निजी भूमि नदी में चली गयी है और अब उस पर पुल का निर्माण हो रहा है लेकिन मुझे किसी प्रकार का मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया ।
निजी रास्ते को बंद कर दिया गया है, आसपास हमलोगों की भूमि उपलब्ध है
भागलपुर जिले से आये एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि उनकी रैयती भूमि पर दबंगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है और भूमि को खाली करने के लिए कहने पर गोली मारने की धमकी दी जा रही है। इस मामले की संबंधित अधिकारी से शिकायत किए जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। मुख्यमंत्री ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुजफ्फरपुर जिले से आए एक फरियादी ने गुहार लगाते हुए कहा कि मेरे ससुर की कोरोना से मौत हो जाने के बाद भी सरकार द्वारा मिलने वाली अनुग्रह अनुदान की राशि उपलब्ध नहीं करायी गई है। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मेरी निजी जमीन गलत तरीके से दूसरे के हाथों बेच दी गई है
मधेपुरा जिले से आए एक फरियादी ने गुहार लगाते हुए कहा कि पारिवारिक विवाद में मेरी निजी जमीन गलत तरीके से दूसरे के हाथों बेच दी गई है। इसकी जानकारी संबंधित अधिकारी को दिए जाने के बाद भी किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं मधेपुरा जिले से ही आए एक अन्य फरियादी ने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि जमीन विवरणी में उचित सुधार की जाए ताकि मैं अपनी भूमि को सही तरीके से अधिग्रहित कर सकूं। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को जांचकर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। शिवहर जिले से आए एक फरियादी ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाते हुए कहा कि उनके पिता जी ने 50 साल पहले जिस जमीन को खरीदा था। उसमें से 7 धूर जमीन तीन साल पहले बिक्री की गई लेकिन खरीददार द्वारा जबरन 12 धूर जमीन पर कब्जा कर लिया गया है। इसकी शिकायत हमने संबंधित विभाग से की, पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं होने से परेशानी हो रही है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग से जांचकर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।