बदमाशों ने लूट की वारदात को दिया अंजाम
- फोटो : अमर उजाला
बेगूसराय में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां दिनदहाड़े रत्न मंदिर ज्वेलर्स में बड़ी डकैती की घटना को अंजाम दिया है। इस वारदात में अपराधियों ने एक स्टाफ को भी गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज चल रहा है।
घटना नगर थाना क्षेत्र के जीडी कॉलेज स्थित रत्न मंदिर ज्वेलर्स की है। बताया जा रहा है कि दो मोटरसाइकिल पर चार हथियारबंद अपराधी आए और रत्न मंदिर ज्वेलर्स की दुकान के अंदर घुस गए। जिसके बाद हथियार के बल पर लूटना शुरू किया। वहीं अंदर में एक कर्मी ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने उसे गोली मार दी।
पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे
बताया जा रहा है कि मनीष कुमार नामक युवक को गोली लगी है। फिलहाल उसे इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय एसएसपी योगेंद्र कुमार, डीएसपी अमित कुमार सहित कई पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी में जुटी हुई है। फिलहाल इस घटना के बाद पूरा स्वर्ण व्यवसाय पुलिस के खिलाफ काफी आक्रोशित है।