अस्पताल के बाहर खड़े परिजन और अन्य लोग
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में भागलपुर के ललमटिया ओपी अंर्तगत पासी टोला में बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पिपरपांती निवासी विकास शाह (30) के रूप में हुई है। वारदात के वक्त विकास घर में सो रहा था। उसी दौरान पड़ोस के एक व्यक्ति ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
मामले को लेकर मृतक के चचेरे भाई का कहना है कि पास के ही राजकुमार चौधरी ने विकास शाह को सोए अवस्था घर में घुसकर उसे गोलियों से छलनी कर दिया। आरोपी ने गोली सीधे सिर में मारी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पीड़ित परिजनों ने कहा कि विकास की शादी पासी टोला निवासी पूनम देवी के साथ हुई थी। वह शादी के बाद ससुराल में रहकर किराने की दुकान चलाता था। विकास के चार बच्चे हैं और वह घर में कमाई करने वाला इकलौता व्यक्ति था। परिजनों के मुताबिक, उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। जबकि भाइयों ने कहा कि राजकुमार चौधरी की मां ने उनकी भाभी पूनम को बीते दिनों विकास को गोली मरवा देने की धमकी दी थी।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी सदर अजय कुमार चौधरी और स्थानीय थाने की पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अवस्था में विकास को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा। जहां अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। विकास की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।