बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के खुर्द कोल गांव में अवैध संबंध के शक में एक वृद्ध ने अपनी पत्नी की गढ़ासा से काटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान गुड़िया देवी (55) के रूप में हुई है।
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के खुर्द कोल गांव में गुरुवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अवैध संबंध के शक में एक वृद्ध ने अपनी पत्नी की गढ़ासा से काटकर निर्मम हत्या कर दी। मृतका की पहचान अनिल राम की 55 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रात करीब ढाई बजे घायल अवस्था में गुड़िया देवी को अमरपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
परिजनों के अनुसार, आरोपी पति पिछले दो महीनों से पत्नी पर अवैध संबंध का आरोप लगाकर विवाद कर रहा था। इसी कारण गुड़िया देवी अन्य परिजनों के साथ अलग कमरे में सोती थीं। घटना की रात वह जमीन पर बिस्तर लगाकर सोई हुई थीं, तभी पति ने गढ़ासा से उन पर हमला कर दिया।
घटना के समय शोर सुनकर बहू की नींद खुली और जैसे ही लाइट जलाई गई तो पूरा घर खून से सना पड़ा था। आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही अमरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।