स्मारिका का विमोचन करते अतिथि
- फोटो : अमर उजाला
इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल और राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अमित रंजन ने अतिथियों को अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया। वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं देशभर से आए वेब पत्रकारों का अभिनंदन करते हुए कहा कि भागलपुर की पावन धरती पर वेब मीडिया समागम सह WJAI के 7वें स्थापना दिवस में आप सभी का स्वागत करना हमारे लिए गर्व और सम्मान की बात है। वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सत्य, साहस और संवेदनशील पत्रकारिता का साझा मंच है। आज वेब मीडिया लोकतंत्र की चौथी स्तंभ के रूप में नई जिम्मेदारियां निभा रहा है। हमारी कोशिश है कि वेब पत्रकारों को एकजुट कर उन्हें प्रशिक्षण, संरक्षण और पहचान दिलाई जाए, ताकि वे निर्भीक होकर जनहित की पत्रकारिता कर सकें। उद्घाटन सत्र में पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, भागलपुर विधायक रोहित पाण्डेय, पूर्व उप महापौर डॉ प्रीति शेखर, भाजपा नेता पवन पासवान भी मौजूद रहे।
प्रो. डॉ. संजय द्विवेदी।
- फोटो : अमर उजाला
कार्यक्रम के अंत में WJAI के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अमित रंजन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, वक्ताओं, देश के कोने-कोने से आए वेब पत्रकारों, आयोजक टीम और मीडिया के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आप सभी की सहभागिता ने यह साबित कर दिया है कि वेब पत्रकारिता का भविष्य उज्ज्वल है। हमारा संगठन वेब पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।
पहले दिन के तीसरे सत्र में आयोजित खुले अधिवेशन में पश्चिम बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रचूड़ गोस्वामी, मिथिलेश मिश्रा, चंदन कुमार, सुरभित दत्त, गणपत आर्यन, संतोष झा, अनुपमा कौशल सहित कई वेब पत्रकारों ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने वेब पत्रकारों की चुनौतियों, सुरक्षा, मान्यता और संगठन की मजबूती पर खुलकर चर्चा की। सत्रों का संचालन राष्ट्रीय सचिव मधूप मणि पिक्कू ने किया। समागम के पहले दिन का समापन वेब पत्रकारिता को और अधिक सशक्त, विश्वसनीय और जनोन्मुखी बनाने के संकल्प के साथ हुआ।