भागलपुर-नाथनगर रेलखंड पर दानापुर-साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव करने के मामले में जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल दूसरे युवक की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे दबोचा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे परबत्ती के समीप दानापुर-साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस कुछ देर के लिए रुकी हुई थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे मौजूद दो युवकों ने ट्रेन की बोगियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
पथराव के दौरान एक पत्थर पीरपैंती निवासी यात्री कमल कुमार यादव की बांह में जा लगा, जिससे वह घायल हो गए। सहयात्रियों ने उन्हें प्राथमिक सहायता दी और शांत कराया। घटना के बाद ट्रेन में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।
ये भी पढ़ें: Bihar News: खेलते-खेलते तालाब पहुंचे मासूम, डूबने से सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की जांच की तथा वायरल वीडियो और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की।
जांच के बाद गुरुवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जीआरपी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नसीम अहमद ने बताया कि ट्रेन पर पथराव की सूचना मिलने के तुरंत बाद जांच शुरू कर दी गई थी। वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
उन्होंने कहा कि रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।