Bihar: ड्यूटी के दौरान इंस्पेक्टर को जाना इतना भारी पड़ गया है कि उन्हें आईजी ने निलंबित कर दिया। मनोज कुमार नवगछिया स्थित साइबर थाना में पदस्थापित थे। इस दौरान वे बिना अनुमति के ड्यूटी से गायब होकर पटना चले गए थे। इसके बाद उनपर कार्रवाई हुई है।
भागलपुर के नवगछिया स्थित साइबर थाना में पदस्थापित इंस्पेक्टर मनोज कुमार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विवेक कुमार ने निलंबित कर दिया है। उन पर बिना पूर्व अनुमति के ड्यूटी से गायब होकर पटना चले जाने का आरोप है।
विज्ञापन
आईजी ने यह कार्रवाई नवगछिया की पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रेरणा कुमार की अनुशंसा पर की है। जांच में सामने आया कि इंस्पेक्टर 31 मार्च को ही पटना चले गए थे, जबकि उनकी ड्यूटी 1 अप्रैल की शाम को साइबर थाना में ओडी पदाधिकारी के रूप में निर्धारित थी। शिकायत मिलने पर एसपी के निर्देश पर डीएसपी स्तर के अधिकारी ने जांच की। थाना रजिस्टर की पड़ताल में ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने की पुष्टि हुई। कॉल करने पर इंस्पेक्टर ने खुद स्वीकार किया कि वे अवकाश पर नहीं हैं।
आईजी विवेक कुमार ने आदेश में लिखा है कि वरीय अधिकारी की स्वीकृति के बिना ड्यूटी से गायब रहना घोर लापरवाही, मनमानी और कर्तव्यहीनता का उदाहरण है। इसी आधार पर उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन की अवधि में इंस्पेक्टर का मुख्यालय नवगछिया पुलिस लाइन निर्धारित किया गया है। बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर के व्यवहार को लेकर आमजन की ओर से भी शिकायतें मिल रही थीं कि वे फरियादियों की बातों को अनसुना कर देते हैं।