Bihar News: ईओयू की टीम घर के स्टाफ से अलग कमरे में पूछताछ कर रही है। वहीं परिवार के सदस्यों से भी निगरानी विभाग के अधिकारी अलग-अलग पूछताछ कर रहे हैं। टीम ने फिलहाल छापेमारी से संबंधित कोई आधिकारिक जानकारी साझा करने से इनकार किया है।
भागलपुर के भवन निर्माण विभाग के विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता प्रणव कुमार के भागलपुर स्थित आवास पर पटना से आई आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम छापेमारी कर रही है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की जा रही है।
प्रणव कुमार के रानीतालाब, औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित आवास पर सुबह से ही छापेमारी जारी है। टीम के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल को भी तैनात किया गया है। घर के अंदर मौजूद किसी भी व्यक्ति को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
ईओयू की टीम घर के स्टाफ से अलग कमरे में पूछताछ कर रही है। वहीं परिवार के सदस्यों से भी निगरानी विभाग के अधिकारी अलग-अलग पूछताछ कर रहे हैं। टीम ने फिलहाल छापेमारी से संबंधित कोई आधिकारिक जानकारी साझा करने से इनकार किया है।
स्थानीय लोगों के संभावित प्रतिरोध को देखते हुए औद्योगिक थाना पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया है। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने घर के सभी रास्तों पर आवाजाही रोक दी है। गौरतलब है कि प्रणव कुमार वर्तमान में दरभंगा में भवन निर्माण विभाग के विद्युत प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं।