बिहार में दो विधायक एक दूसरे के जान के दुश्मन बन बैठे हैं। मामला इतना बढ़ गया है कि भागलपुर जिले के बिहपुर से भाजपा के विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने गोपालपुर से जदयू विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। शैलेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनकी जान को नरेंद्र कुमार से खतरा है। उन्होंने पुलिस मुख्यालय से खुद को सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार भी लगाई है।
दरअसल, अभी कुछ दिन पहले बिहपुर से भाजपा विधायक इंजीनियर शैलेंद्र और गोपालपुर से जदयू विधायक गोपाल मंडल के बीच बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें गोपाल मंडल शैलेंद्र को धमकी देते सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो वायरल होने पर गोपाल मंडल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा विधायक को अपना छोटा भाई कहते हुए सफाई पेश की थी।
इस मामले पर भाजपा विधायक शैलेंद्र ने पुलिस मुख्यालय में आईजी के नाम एक शिकायत पत्र लिखा। इसमें उन्होंने लिखा कि विधायक नरेंद्र कुमार ने उन्हें कॉल कर धमकी दी थी कि वह बिहपुर विधानसभा क्षेत्र तक ही सीमित रहें। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में जो भाजपा का कार्यालय है, वहां प्रवेश न करें। बिहपुर विधायक ने गोपालपुर विधायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने पुलिस मुख्यालय को पत्र के साथ ही ऑडियो क्लिप भी भेज दिया है। इस पर गोपाल मंडल ने बिहपुर विधायक पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि "बैल को कोई मारकर क्या करेगा, उसमें क्या गुणवत्ता है?'' उन्होंने आगे कहा कि "चुनाव के समय वह बिना गार्ड के एक ही गाड़ी से घूमते थे। उनको अपना सिक्योरिटी बढ़ाना है, इसलिए ऐसी बात कह रहे हैं। हम तो उनसे माफी मांगने के लिए भी तैयार थे। अगर कोई बात होती तो उनको मुझसे बात करनी चाहिए थी।'' भागलपुर डीआईजी सुजीत कुमार ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। इसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।