भागलपुर। जिले के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के गोराडीह प्रखंड के खुटाहा गांव में बुधवार शाम जदयू प्रत्याशी के प्रचार वाहन पर कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने अचानक पत्थरबाजी कर दी। इस घटना से मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। पत्थरबाजी में वाहन के पिछले हिस्से का शीशा टूट गया और कुछ बैनर-पोस्टर भी फाड़ दिए गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
कहलगांव सीट से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी शुभानंद मुकेश ने बताया कि इस घटना के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस प्रशासन ने चिंता व्यक्त की है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने का आश्वासन दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जदयू के जिला महासचिव ओमप्रकाश अमर अपने सहयोगियों के साथ प्रचार अभियान के तहत गांव-गांव घूम रहे थे। शाम के समय वे खुटाहा क्षेत्र में प्रचार वाहन के माध्यम से पार्टी का संदेश जनता तक पहुँचा रहे थे, तभी कुछ अज्ञात युवकों ने वाहन के पीछे से पत्थर फेंक दिए। इससे वाहन का पिछला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एक अन्य वाहन पर लगे बैनर-पोस्टर फाड़ दिए गए।
पढे़ं: दो डिप्टी सीएम, लालू के दोनों बेटों की सीटों पर मुकाबला कल, खेसारी-मैथिली का भी भाग्य होगा तय
घटना के समय मौजूद ओमप्रकाश अमर ने बताया कि वे शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव प्रचार कर रहे थे, तभी कुछ शरारती तत्वों ने अचानक उनकी प्रचार गाड़ी पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि हमलावरों को पहचान नहीं पाए। यह पूरी तरह लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है।
उन्होंने बताया कि इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दे दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। इस दौरान जदयू नेता अशोक कुमार सिद्ध और सहयोगी विश्वास मांझी भी मौजूद थे। सभी लोग बाल-बाल बच गए। ओमप्रकाश अमर ने थानाध्यक्ष गोराडीह को लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस बीच ग्रामीणों ने बताया कि प्रचार वाहन पर हमले के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। हालांकि, पुलिस प्रशासन के मौके पर पहुँचने के बाद स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।