भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन के सामने अचीवमेंट पब्लिक आवासीय विद्यालय में नर्सरी की पढ़ाई कर रहे छात्र की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। उसके बाद स्कूल सहित आसपास में सनसनी फ़ैल गई। मृतक की पहचान मुजाहिदपुर थाना क्षेत्र के गुरहट्टा चौक निवासी विजय कुमार दास के आठ साल के बेटे निखिल कुमार के रूप में हुई है।
घटना के बाबत मृतक के मामा प्रेम कुमार का कहना है कि बीते दो महीने पहले निखिल को स्कूल हॉस्टल में रखा गया था। मामा प्रेम ही अक्सर हॉस्टल में उससे मिलने जाया करते थे। इधर, रविवार देर शाम स्कूल प्रबंधन द्वारा जानकारी दी गई कि निखिल बाथरूम में गिर गया है और उसे चाइल्ड केयर हॉस्पिटल ले जाया जा रहा है। खबर मिलने पर परिजन स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि हॉस्टल के भीतर कोई वॉर्डन शिक्षक या सिक्योरिटी गार्ड मौजूद नहीं है। निखिल अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है।
शव छोड़कर फरार हुए जिम्मेदार...
पूछताछ के क्रम में निखिल की मौत का पता चला। परिजनों ने कहा कि शिक्षक सहित हॉस्टल में रहने वाले छात्र भी निखिल के शव को छोड़ वहां से फरार हो गए थे। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल के मालिक व हॉस्टल वालों से पूछताछ किया। लेकिन ज्यादातर लोग हॉस्टल से भाग गए थे, इसलिए पुलिस को कोई पुख्ता जानकारी हाथ नहीं लगी है।
वहीं, मृतक के परिजन बार-बार यह आशंका जाहिर कर रहे हैं कि निखिल का गला घोटा गया है, बताया जाता है कि निखिल पढ़ने में भी काफी अच्छा था और स्कूल में किसी से कोई विवाद भी नहीं था। बहरहाल एक तरफ जहां छात्र की सदेहस्पद स्थिति में मौत से परिजन काफी सदमे में हैं। वहीं, अब तक कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं।