भागलपुर में बुधवार को एक छात्र ने अपने पिता की डांट-फटकार के बाद आत्महत्या कर ली। यह घटना कोतवाली थानाक्षेत्र के आदर्श गली के पास की है। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी उमेश साह के 19 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है। उमेश साह पेशे से हलवाई हैं और वह एक मिठाई दुकान चलाते हैं।
जानकारी के मुताबिक, अदित्य इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी कर स्नातक में प्रवेश कर चुका था। पार्ट टाइम के लिए वह अपने पिता की दुकान पर बैठता था। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि मृतक के पिता द्वारा देर रात 11 बाजे के आसपास मोबाइल चलाने की बात को लेकर फटकार लगाई गई थी। सुबह जब दरवाजा खोला तो देखा कि वह फंदे से लटका हुआ है। मृतक दो भाई एक बहन हैं।
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी सहित कोतवाली थाना पुलिस और एफएसएल की टीम भी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मृतक के परिवार वालों से पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि बिहार में आत्महत्याओं का सिलसिला लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इनमें अधिकांश युवा शामिल हैं जो जरा सी बात पर अपनी जीवन लीला ही खत्म कर देते हैं। माता पिता की जरा सी बात इस कदर बुरी लग जाती है कि बच्चे अपनी जिंदगी ही दांव पर लगा देते हैं।