बिहार के बेगूसराय में जमीन विवाद को लेकर जमकर मारपीट और चाकूबाजी होने का मामला सामने आया है। इस मारपीट में एक ही परिवार के महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज बेगूसराय के सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना डंडारी थाना क्षेत्र के डंडारी गांव की है। घायल सभी व्यक्तियों की पहचान डंडारी थाना क्षेत्र के डंडारी गांव निवासी दुर्लभ यादव, पत्नी ममता देवी और बेटे दिलखुश कुमार के रूप में की गई है।
घायल दुर्लभ यादव ने बताया कि उसके ही रिश्तेदार बिरजू यादव और हरेराम यादव उसकी दो कट्ठा जमीन पर जबरन कब्जा करना चाह रहा था। हमने उसका विरोध किया, जिससे नाराज होकर सभी लोग घर पर चढ़ गए। फिर लाठी-डंडे और चाकू से पूरे परिवार पर हमला कर दिया। दुर्लभ यादव ने बताया कि उन लोगों ने मेरी पत्नी पर चाकू से हमला कर उसका सिर फाड़ दिया। वहीं, मेरे बेटे को भी लाठी-डंडे से पीट-पीट कर घायल कर दिया है। उन्हें पिटता देख जब बचाने गए तो मुझे भी लाठी-डंडे से जमकर पीट दिया।
मारपीट और चाकूबाजी की इस घटना में एक ही परिवार के महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज बेगूसराय के सदर अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल इस घटना की सूचना पीड़ित परिवार ने डंडारी थाना पुलिस को दी। डंडारी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।