औरंगाबाद-पचरूखिया पथ पर औरंगाबाद सदर प्रखंड में फेसर थाना क्षेत्र के उन्थू लॉक एवं हरनाही गांव के बीच बुधवार देर रात अज्ञात वाहन द्वारा चकमा दिए जाने से एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर से ऑटो पर सवार एक नर्तकी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन नर्तकियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों के सहयोग से आनन-फानन में घायल नर्तकियों को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। मृत नर्तकी की पहचान औरंगाबाद शहर के मदरसा रोड स्थित गंज मोहल्ले के मो. तस्लीम की पुत्री रेशमा खातून उर्फ खुशबू के रूप में की गई है। वहीं, घायल नर्तकियों में इसी मुहल्ले की आरती देवी, प्रीति कुमारी और कलावती देवी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही फेसर थाना की पुलिस और जदयू के जिला सचिव मो. इमरान आजाद घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर एंबुलेंस को बुलाकर स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया। साथ ही शव को पोस्टमॉर्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया। हालांकि, हादसे के बाद ऑटो चालक सुरेंद्र पासवान फरार हो गया।
जदयू नेता ने बताया कि शहर के गंज मोहल्ले से चारो नर्तकियां ऑटो रिजर्व कर फेसर थाना क्षेत्र के देवकी कला में आयोजित एक शादी समारोह में डांस प्रोग्राम करने जा रही थी। इसी दौरान उन्थु नहर लॉक और हरनाही के बीच एक अज्ञात वाहन द्वारा चकमा दिए जाने से ऑटो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। हादसे में एक नर्तकी की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य नर्तकियां गंभीर रूप से घायल हो गई। फेसर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराने के बाद मृत नर्तकी का शव गुरुवार सुबह परिजनों को सौंप दिया है। मृत नर्तकी के परिवार में मातम पसरा है, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।